तरकुलवा। स्थानीय विद्युत उपकेंद्र के समीप सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की जान चली गई। दो अन्य घायल हो गए हैं। घायलों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। बाइक सवार तीनों युवकों ने हेलमेट नहीं पहन रखा था।
तरकुलवा थाना क्षेत्र के भिसवा गांव निवासी हरीप्रसाद का 18 वर्षीय बेटा बिट्टू अपने दो साथियों के साथ बाइक से मंगलवार की रात को कहीं गया था। घर आते वक्त तरकुलवा विद्युत उपकेंद्र के समीप उनकी बाइक विद्युत पोल से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि पोल टूट गया। तीनों घायलों को लोगों ने अस्पताल पहुंचाया। इलाज के दौरान बिट्टू की मौत हो गई, जबकि भिसवा गांव निवासी जयकुमार (22) और विजयीपुर थाना क्षेत्र के तोरिया गांव निवासी रविंद्र (19) का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।