लार। बाइक सवार युवकों ने शनिवार को नगर में उपद्रव मचाया। पुलिस चौकी के सामने जहां एक शिक्षक को जान से मारने की धमकी दी। वहीं नगर पंचायत कार्यालय में घुसकर कर्मचारी से बदसलूकी की। चेयरमैन पति ने युवकों पर विभागीय वाहन की बैट्री चोरी का आरोप लगाया है।
बस स्टैंड निवासी शिक्षक शिविर राय की दुकान है। शुक्रवार की रात करीब नौ बजे बाइक पर सवार पांच युवक पहुंचे और बिना किसी कारण के ही दुकान पर बैठे शिविर राय के भाई से उलझ गए। शोर सुनकर पहुंचे शिक्षक को जान से मारने की धमकी देते हुए युवकों ने दौड़ा लिया। मामला बढ़ता देख पुलिस चौकी पर मौजूद सिपाही पहुंच गए और बीच-बचाव कर उपद्रवियों को खदेड़ा। इसके बाद उपद्रवी नगर पंचायत कार्यालय में पहुंचे और चौकीदार फहीम से उलझ गए। वहां मौजूद चेयरमैन पति जगदीश यादव ने विरोध किया तो मनबढ़ युवकों ने उन्हें भी भला बुरा कहा और देख लेने की धमकी दी। शनिवार को हरकत मेें आई पुलिस ने दो को हिरासत में ले लिया। इसकी खबर मिलते ही थाने में दोपहर से देर शाम तक सत्ता पक्ष के नेताओं की भीड़ जमी रही। नेताओं के दबाव में आई पुलिस बैकफुट पर आ गई। एक जनप्रतिनिधि ने तो इसे अपना प्रतिष्ठा बना लिया और पुलिस पर किसी भी कीमत पर कार्रवाई नहीं करने के लिए दबाव डाला। एसओ श्रवण यादव ने बताया कि तहरीर मिली है। उपद्रव मचाने वालों को हिरासत में लेकर छानबीन की जा रही है।