व्यापारी योगेश हत्याकांड
---
- एसपी ने बुधवार को इनाम की घोषणा की
अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया। गौरीबाजार के मठिया माफी गांव के व्यापारी योगेश जायसवाल की हत्या में शामिल दूसरे आरोपी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। एसपी किरीट राठोड ने यह कार्रवाई बुधवार को की।
मठिया माफी गांव के व्यापारी योगेश जायसवाल की शनिवार की शाम गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस मामले में योगेश के भाई की तहरीर पर पुलिस ने इंदूपुर गांव निवासी विवेक सिंह और एक अज्ञात पर हत्या का केस दर्ज किया था। पुलिस की जांच में दूसरे आरोपी की पहचान मन्नू यादव निवासी पननहा के रूप में हुई। विवेक सिंह पर एसपी ने पहले ही 10 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया। बुधवार को दूसरे हत्यारोपी मन्नू यादव पर भी 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया। पुलिस दोनों को गिरफ्तार करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। बुधवार की शाम तक पुलिस को सफलता नहीं मिल पाई थी।
--
बिहार में शरण लिए हैं दोनों हत्यारोपी
देवरिया। व्यापारी योगेश जायसवाल की हत्या के बाद दोनों आरोपियों ने विभिन्न जगहों पर शरण लिया। अब उनके बिहार में शरण लेने की जानकारी पुलिस को हुई। पुलिस अपने सूत्रों से बिहार में दोनों की गिरफ्तारी के लिए जाल बिछा दी है।
योगेश जायसवाल को गोली मारने के बाद विवेक सिंह साथी मन्नू यादव को लेकर घर गया था। योगेश के मौत की जानकारी होने पर वह मोबाइल स्वीच ऑफ कर घर से फरार हुआ। पहले उसके बड़हलगंज और गोरखपुर में होने की सूचना मिली। पुलिस ने संभावित ठिकानों पर छापेमारी की, लेकिन सफलता नहीं मिली। कुछ शरणदाताओं को हिरासत में लेकर पूछताछ भी हो चुकी है। इसके बाद भी दोनों के बारे में कोई जानकारी नहीं हो सकी। पुलिस सूत्रों ने बताया कि मऊ, बलिया के रास्ते दोनों हत्यारोपी बिहार में पहुंचकर कहीं शरण लिए हुए हैं। पुलिस ने मुखबिरों का जाल बिछा दकिया है। पुलिस को विश्वास है कि जल्द ही दोनों को बिहार से गिरफ्तार कर लिया जाएगा। एएसपी शिष्यपाल ने बताया कि दोनों हत्यारोपी बिहार में शरण लिए हैं। पुलिस टीम उनकी गिरफ्तारी में लगी हुई है।
इनसेट में-
पांच सिम और दो मोबाइल बदल चुका विवेक
देवरिया। हत्या के बाद से फरार हुआ विवेक सिंह पूरी तरह से चौकन्ना है। पुलिस के हर नेटवर्क को वह फेल कर दे रहा है। अब तक उसने पांच सिम और दो मोबाइल बदल दिया है। इससे पुलिस उस तक नहीं पहुंच पा रही है।
योगेश जायसवाल की हत्या के बाद फरार हुआ विवेक सिंह मोबाइल स्वीच ऑफ कर लिया था। उसने दूसरा सिम खरीदा और कुछ लोगों से बात किया। अभी पुलिस की सर्विलांस टीम इस पर काम कर रही थी कि उसने सिम बदल दिया। उसे जब इस बात का भान हुआ कि पुलिस उसे गिरफ्तार कर सकती है तो उसने मोबाइल भी बदल दिया। अब तक वह पांच सिम और दो मोबाइल बदल चुका है। उसका अंतिम लोकेशन बिहार बॉर्डर पर मिला था। इसलिए पुलिस को यह भरोसा हो गया है कि उसने बिहार में ठिकाना बना लिया है। एएसपी शिष्यपाल ने बताया कि पुलिस के हर नेटवर्क को विवेक फेल कर दे रहा है। हम लगातार कोशिश में लगे हुए हैं।
---
सत्ताधारी नेता और पुलिस के गठजोड़ से हुई योगेश की हत्या
देवरिया। सपा-बसपा गठबंधन के संयुक्त प्रत्याशी विनोद जायसवाल ने कहा कि व्यापारी योगेश की हत्या सत्ताधारी दल के नेताओं और पुलिस के गठजोड़ से हुई है। बुधवार को वह देवरिया खास मोहल्ले में एक पूर्व एमएलसी के कैंप कार्यालय पर प्रेसवार्ता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि विवेक सिंह और सत्ताधारी दल के नेता के संबंध जगजाहिर हो चुके हैं। कई बार पुलिस उसे थाने से छोड़ चुकी है। उन्होंने पीड़ित परिवार के सुरक्षा की मांग की। हत्यारों की गिरफ्तारी नहीं होने पर सोमवार से आंदोलन की चेतावनी दी।