मिश्रौली गांव के नौका टोला निवासी शमीम की मौत के बाद रोते परिवार के लोग।
- फोटो : अमर उजाला
प्रतापपुर। भवानी छापर-प्रतापपुर मार्ग पर बुधवार की रात हाता गांव के पास मार्ग दुर्घटना में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। जानकारी होते ही बड़ी संख्या में जुटे गांववालों ने सड़क जाम कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस को शव कब्जे में लेने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। दोनों युवक हेलमेट नहीं पहने थे।
बंकुल गांव निवासी जीतेंद्र सिंह का बेटा सुजीत सिंह उर्फ छोटू (20) और मिश्रौली गांव के नौका टोला निवासी इस्माइल अंसारी का बेटा शमीम अंसारी (25) घनिष्ठ मित्र थे। सुजीत के चाचा सुभाष सिंह हाता बाजार में परिवार सहित रहते हैं। बुधवार रात दोनों मित्र साथ ही सुभाष सिंह के घर आए थे। सुजीत रात में भोजन करके अपने परिवार का खाना लेकर शमीम के साथ घर जा रहा था। रास्ते में उनकी बाइक एक निजी विद्यालय के पास सामने से आ रहे अज्ञात वाहन की चपेट में आ गई। इससे दोनों को सिर में गंभीर चोट लगी और वहीं दम तोड़ दिया।
सूचना मिलने पर सुभाष सिंह और गांव के लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। मौके पर पहुंची खामपार पुलिस शव को कब्जे में लेने का प्रयास की तो गांववालों ने विरोध किया। वे रात में ही सड़क पर शव के साथ धरने पर बैठ गए। जानकारी मिलने पर क्षेत्रीय विधायक डॉ. आशुतोष उपाध्याय ने लोगों को समझाकर मामला शांत कराया। इसके बाद ही पुलिस शवों को कब्जे में ले पाई। खामपार थाना प्रभारी भीष्मपाल सिंह ने बताया कि सुजीत सिंह के ताऊ नागेंद्र सिंह की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध केस दर्ज कर लिया गया है। वाहन चालक की तलाश की जा रही है।