सलेमपुर। कोतवाली क्षेत्र के भीमपुर गांव के समीप शनिवार की सुबह रेलवे लाइन किनारे 17 वर्षीय एक युवती का शव मिलने से सनसनी फैल गई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवती की मां ने पुलिस को तहरीर देकर हत्या की आशंका जताई है।
कोतवाली क्षेत्र के कोड़रा ठाकुर गांव के हरेंद्र चौहान की 17 वर्षीय बेटी निशा दो माह से नगर के पिपरा नाजिर वार्ड में अपने मौसा रामा चौहान के घर रहती थी। जहां उसकी मां बेबी देवी छठ के पूजा में शामिल होने गई थी। शुक्रवार की शाम बेबी देवी अपने दो बेटों व बेटी निशा के साथ गांव जाने के लिए स्थानीय रेलवे स्टेशन पहुंची। ट्रेन विलंब होने चलते वो स्टेशन पर बैठ गई। इसी बीच उसकी बेटी किसी से फोन से बात करती हुई स्टेशन से बाहर निकल गई। जब काफी देर तक बेटी वापस नहीं आई तो बेबी देवी अपने रिश्तेदार को सारी बात बताई। काफी खोजबीन के बाद युवती का पता नहीं चल सका। शनिवार की तड़के सुबह युवती के मामा ने परिजनों को सूचना दी कि निशा का शव रेलवे लाइन के किनारे पड़ा हुआ है। मौत की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया। युवती की मां ने पुलिस को तहरीर देकर हत्या की आशंका जताते हुए कार्रवाई की मांग की है। कोतवाल श्याम बिहारी ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।
कॉल डिटेल से खुलेगा निशा की मौत का राज
सलेमपुर। शनिवार की सुबह रेलवे लाइन किनारे मिली 17 वर्षीय निशा की मौत का राज तो अब मोबाइल के कॉल डिटेल से ही खुलेगा। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद मौत की इस गुत्थी को सुलझाने के लिए कॉल डिटेल खंगालेगी तथा इसी को आधार बनाकर आगे जांच करेगी।