रामपुर कारखाना। बिना वर्दी पहने सदर कोतवाली के एक दरोगा और कांस्टेबल युवक की तलाश में सोनार टोली वार्ड पहुंच गए। युवक के घर पर नहीं मिलने से दरोगा ने महिलाओं को अपशब्द कहना शुरू कर दिया। इस पर महिलाओं ने दरोगा को घेर लिया। बाद में मौके पर पहुंची रामपुर कारखाना पुलिस ने महिलाओं को शांत कराकर दरोगा को आजाद कराया।
शनिवार की शाम सदर कोतवाली के एक दरोगा और एक सिपाही बाइक से कस्बे के सोनार टोली वार्ड के एक युवक की तलाश में पहुंचे। सादे वर्दी में पहुंचे पुलिसकर्मियों ने युवक के घर नहीं मिलने पर महिलाओं को अपशब्द कहना शुरू कर दिया। पड़ोस के एक युवक ने इसका विरोध किया तो दरोगा ने उसे थप्पड़ जड़ दिया। इससे आसपास की महिलाएं आक्रोशित हो गईं और दोनों को घेर लिया। इस पर दरोगा ने रामपुर कारखाना पुलिस को मामले की जानकारी दी। प्रभारी एसओ श्याम बिहारी आधा दर्जन सिपाहियों को लेकर घटना स्थल पर पहुंचे। दरोगा के माफी मांगने के बाद महिलाओं ने जाने दिया। इसके बाद स्थानीय पुलिस ने राहत की सांस ली। प्रभारी थानेदार श्याम बिहारी कहना है कि महिलाओं से नोकझोंक हुई थी। बंधक बनाने का मामला निरधार है।