सेवानिवृत्त दीवान की मौत के बाद हंगामे के दौरान लगी भीड़। अमर उजाला
- फोटो : अमर उजाला
देवरिया। सड़क हादसों में गंभीर रूप से घायल सेवानिवृत्त दीवान समेत दो की मौत हो गई। दीवान के साथ पहुंचे लोगों ने चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए इमरजेंसी पर हंगामा खड़ा कर दिया। आरोप है कि चिकित्सक पर चप्पल चलाया गया। कुछ लोगों ने बीचबचाव कर मामला शांत कराया। इससे खफा इमरजेंसी के लोगों ने दो घंटे तक चिकित्सा सेवा बंद रखा। चिकित्सक ने हंगामा करने वालों के खिलाफ तहरीर दी है।
मूलरूप से बिहार के गोपालगंज जिले के विजयीपुर थानाक्षेत्र के जगदीशपुर गांव निवासी रामानंद 65 यूपी पुलिस में दीवान पद से सेवानिवृत्त होने के बाद भीखमपुर रोड शास्त्रीनगर में मकान बनवाकर रहते थे। गुरुवार की सुबह पत्नी किशोरी देवी के साथ वह टहलने के लिए निकले। अभी कुछ दूर ही पहुंचे थे कि बेकाबू ट्रैक्टर की चपेट में आ गए। गंभीर रूप से घायल रामानंद को लोगों ने जिला अस्पताल पहुंचाया। सूचना पर उनके कुछ रिश्तेदार और शुभचिंतक पहुंच गए। सुबह साढ़े नौ बजे रेफर होने के काफी देर बाद उन्हें गोरखपुर ले जाया जा रहा था। दोपहर डेढ़ बजे गोरखपुर ओवरब्रिज पर रामानंद ने दम तोड़ दिया। शव लेकर लौटे लोगों ने चिकित्सकों पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। किसी ने चिकित्सक पर चप्पल चला दिया। बाद में पहुंची पुलिस ने मामले को शांत कराया। इससे नाराज इमरजेंसी ड्यूटी में तैनात लोगों ने दोपहर दो से शाम चार बजे तक इमरजेंसी सेवा ठप कर दिया था। इसके चलते काफी देर तक इमरजेंसी के बाहर रामानंद का शव स्ट्रेचर पर पड़ा रहा। शाम चार बजे के बाद कार्रवाई पूरी की गई। हंगामा करने वालों के खिलाफ ईएमओ डॉ. एसएन सिंह ने कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है। सीएमएस डॉ. छोटेलाल ने बताया कि मरीज के परिवारवालों ने बेवजह हंगामा किया। उनके खिलाफ तहरीर दी गई है। दूसरी घटना बुधवार की रात सोंदा गांव के पास हुई। खुखुंदू थानाक्षेत्र के बरवां उपाध्याय गांव निवासी राजकुमार 35 पुत्र श्यामदेव सोंदा में साइकिल की दुकान खोले थे। रोज की तरह बुधवार की रात आठ बजे के बाद उन्होंने दुकान बंद किया और बाइक से घर जाने के लिए निकले। अभी वह कुछ दूर ही पहुंचे थे कि पिकअप ने टक्कर मार दिया। इससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें जिला अस्पताल भिजवाया। यहां से प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत देखकर चिकित्सक ने मेडिकल कॉलेज और वहां से पीजीआई लखनऊ के लिए रेफर कर दिया गया। लखनऊ ले जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई। परिवारवाले शव लेकर वापस चले आए। जिला अस्पताल प्रशासन की सूचना पर सदर कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस बाबत सदर कोतवाल यादवेंद्र बहादुर पाल ने बताया कि सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हुई है, कार्रवाई की जा रही है।
बेटियों की शादी नहीं कर पाए थे रामानंद
उत्तर प्रदेश पुलिस में दीवान पद से सेवानिवृत्त हुए रामानंद यादव की पांच बेटियां हैं। उन्होंने तीन बेटियों की शादी कर दिया था। दो की शादी अभी बाकी है। अभी वह इधर-उधर शादी की बात चला रहे थे कि गुरुवार की सुबह वह हादसे का शिकार हो गए। परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सड़क किनारे मिला अज्ञात अधेड़ का शव
भलुअनी थानाक्षेत्र में मरकड़ा के पास सड़क किनारे 55 वर्षीय एक अज्ञात शख्स गिरे पड़े थे। किसी ने 108 नंबर पर एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची एंबुलेंस से उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया। यहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। भलुअनी पुलिस शव के शिनाख्त की कोशिश में लगी है।