किसान का शव मिलने के मामले में एफआईआर दर्ज
बुगरासी। क्षेत्र के गांव भगवानपुर निवासी मृतक किसान की पत्नी ने अज्ञात हत्यारों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पीड़िता ने हत्यारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
गांव भगवानपुर निवासी 35 वर्षीय किसान फकरूद्दीन गत पांच मई को खेत पर पानी लगाने गया था। देर शाम तक भी फकरूद्दीन वापस नहीं आया तो उसकी तलाश की गई। बाद में परिजनों ने गुमशुदगी दर्ज कराई थी। बुधवार को फकरूद्दीन का शव एक गेहूं के खेत में मिला था। शव की हालत से स्पष्ट हो रहा था कि फकरूद्दीन की बेरहमी से हत्या की गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। एसओ नरसैना अनिल कुमार ने बताया कि मृतक की पत्नी इमराना ने अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है जिस पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की भी जानकारी हो जाएगी। पुलिस ने हत्यारों का पता लगाने का प्रयास शुरू कर दिया है। जल्द ही हत्यारों का पता लगा उन पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए परिजनों से भी सहयोग लिया जा रहा है।