बरहज। कच्ची शराब के हब के रुप में कुख्यात दियारा क्षेत्र में बुधवार को डीएम-एसपी फोर्स के साथ गांव में पहुंचे। नाव के जरिए दियारा में अफसरों ने गहन तलाशी कराई। करीब 100 ड्रम कच्ची शराब और 25 हजार क्विंटल लहन नष्ट किया। चार घंटे तक चली कार्रवाई के दौरान धंधेबाज घर छोड़कर भाग गए।
सहारनपुर और कुशीनगर में जहरीली शराब से हुई मौतों के बाद शासन-प्रशासन कच्ची शराब के धंधे को लेकर गंभीर है। सरयू का दियारा क्षेत्र अरसे से कच्ची शराब के हब के रुप में कुख्यात है। भौगोलिक स्थिति का लाभ पाकर धंधेबाज यहां बेखौफ होकर कच्ची की भट्ठियां धधका रहे हैं। हर बार छापामारी में यहां शराब और लहन बरामद होती रही है। धंधे की जड़ पर चोट करने के लिए बुधवार को डीएम अमित किशोर और एसपी एन. कोलांचि खुद दियारा में पहुंचे। संपूर्ण समाधान दिवस समाप्त होने के बाद दोनों अफसर भारी फोर्स लेकर नगर के सरयू घाट पहुंचे। यहां से नाव पर सवार होकर दियारा में गए। इस दौरान उन्हें चार किमी तक पैदल भी चलना पड़ा। अवैध धंधे पर पुलिस फोर्स ने धावा बोल दिया। अचानक हुई कार्रवाई से हड़कंप मचा रहा। करीब चार घंटे तक चली कार्रवाई में पुलिस ने 25 हजार क्विंटल लहन, 100 ड्रम कच्ची शराब और 10 भट्ठियां नष्ट किया। इस कार्रवाई में स्थानीय पुलिस के अलावा मदनपुर, मईल, क्यूआरटी आदि शामिल रहीं। इस दौरान क्षेत्राधिकारी निष्ठा उपाध्याय, थानाध्यक्ष वीर बहादुर सिंह, शुभनारायण दुबे, विद्याधर कुशवाहा, गिरिजेश कुमार, सुभाष सिंह आदि मौजूद रहे।