जेल में फेसबुक चलाने की जांच करेंगे सीओ
एसपी ने तीन दिन में रिपोर्ट देने का आदेश दिया
जेल में बंद बदमाश की फेसबुक आईडी हो रही अपडेट
अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया। जिला जेल में बंद एक बदमाश के फेसबुक आईडी अपडेट होते रहने के मामले की जांच सीओ सिटी करेंगे। एसपी ने बुधवार को उन्हें तीन दिन के भीतर जांच रिपोर्ट देने का आदेश दिया है।
हत्या के प्रयास के मामले में सदर कोतवाली इलाके के एक गांव का रहने वाला एक इनामी बदमाश एक महीना पूर्व न्यायालय में हाजिर हुआ था। इसके बाद भी उसका फेसबुक आईडी लगातार अपडेट हो रहा है। अंतिम पोस्ट 28 दिसंबर को की गई है। भीखमपुर रोड के रहने वाले कुछ लोगों ने पुलिस के उच्चाधिकारियों से शिकायत की थी कि जेल में बंद अपराधी की फेसबुक आईडी लगातार चल रही है। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने सीओ सिटी को जांच सौंपी। उनको आदेश दिया है कि तीन दिनों में जांच रिपोर्ट दें। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। एसपी एन. कोलांचि ने बताया कि जेल में बंद बदमाश की फेसबुक आईडी के चलने की जांच सीओ कर रहे हैं। उनकी रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।