प्रेमिका ने प्रेमी को दे दिया चोरी का मोबाइल
प्वाइंटर
प्रेमी सदर कोतवाली तो प्रेमिका बरहज की है रहने वाली
साइबर सेल मामले की जांच में जुटा, छुप रहे हैं आरोपी
अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया। प्रेमिका ने प्रेमी को चोरी का मोबाइल दे दिया, अब वह पुलिस के रडार पर है। शिकायत के बाद साइबर सेल मामले की जांच में जुटा है, उधर आरोपी भागते फिर रहे हैं। कुछ लोग मामले को मैनेज कराने में भी लगे हैं, लेकिन पुलिस आरोपियों की तलाश में है।
सदर कोतवाली के एक गांव के रहने वाले युवक और बरहज इलाके के एक गांव की युवती के बीच मिस्ड कॉल से शुरू हुई बातचीत प्यार में बदल गई। दोनों के बीच कई साल से प्रेम संबंध है। कुछ दिन पूर्व युवती को कहीं से चोरी का मोबाइल मिल गया। युवती ने इसे अपने प्रेमी को दे दिया। प्रेमी इसी मोबाइल से बात करता रहा। इसी बीच पीड़ित ने मोबाइल चोरी की सूचना एसपी को दी। एसपी एन. कोलांची ने मामले को साइबर सेल को सौंप दिया। साइबर सेल के प्रभारी आलोक सोनी ने मामले की जांच शुरू की। सर्विलांस पर पता चलने पर युवक को बुलाया गया, लेकिन वह नहीं आया। मोबाइल चोरी का होने की भनक लगते ही उसने प्रेमिका को लौटा दिया। बताया जा रहा है कि फिलहाल मोबाइल स्विच ऑफ है। वहीं, दोनों परिवार के लोग बचने की जुगत लगा रहे हैं। मंगलवार को प्रेमी का पिता एसपी कार्यालय पहुंचकर गलती स्वीकार करने में लगा था। साइबर सेल के प्रभारी आलोक सोनी का कहना है कि चोरी के मोबाइल की तलाश की जा रही है। इस मामले में केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।