देवरिया। जिला जेल के बंदियों और कैदियों को जगाने, खाना खिलाने के लिए घंटा नहीं अब सायरन बजाया जाएगा। शासन के आदेश पर जिला जेल में सायरन लगवाने की कवायद शुरू हो गई है। धीरे-धीरे जिला जेल की सुविधाएं भी आधुनिक होती जा रही हैं। पहले शासन की ओर से जेल में मशीन से रोटी बनाने की कवायद शुरू हुई। जल्द ही यह मूर्त रूप ले लेगी। इससे पाकशाला में काम पर लगाए गए बंदियों और कैदियों को सहूलियत होगी। प्रति मिनट 15 से अधिक रोटी बनकर तैयार होगी। अब शासन ने दशकों पुरानी परंपरा बंदियों को जगाने, भोजन कराने के लिए घंटा के प्रयोग की जगह सायरन लगाने का आदेश दिया। पिछले दिनों शासन के आदेश के बाद जेल प्रशासन की ओर से इस दिशा में कार्य शुरू करा दिया गया है। इस बाबत जेल अधीक्षक दिलीप पांडेय ने कहा जिला जेल में बंदियों और कैदियों को जगाने के लिए घंटा की जगह सायरन लगाया जाएगा। शासन से आदेश मिल गया है, जल्द ही काम शुरू करा दिया जाएगा।
इंटरकॉम से जुड़ेंगे कार्यालय
जिला जेल के कार्यालय दूरभाष की इंटरकॉम सेवा से जुड़ जाएंगे। इससे कार्यालय, गेट पर ड्यूटी दे रहे जेल सिपाही, जेल अधीक्षक, जेलर आदि आपस में जब चाहे नि:शुल्क बात कर सकेंगे। बंदियों से मिलने के लिए आने वाले विशेष लोगों को गेट पर तैनात सिपाही अधीक्षक से पूछकर तत्काल जानकारी दे देंगे।