बरहज के मोहावं में जला घोट्ठा में रखा समान और बड़े बाक्स में रखे जले कागजात आदि दिखाता अमरजीत
- फोटो : अमर उजाला
बरहज। क्षेत्र के एक गांव में मंगलवार रात एक व्यक्ति के घोठे में आग लग गई। जिससे नकदी सहित लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। सूचना पाकर पहुंची फायर ब्रिगेड और ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया जा सका।
मोहांव गांव निवासी स्व. गौरीशंकर पाल के तीन पुत्र मंटू, रामईश्वर में सबसे बड़ा अमरजीत पाल हैं। तीनों भाई का बरहज-देवरिया मार्ग पर सड़क के किनारे घोट्ठा हैं। अमरजीत का कहना है कि मंगलवार की शाम परिवार के सभी सदस्य भोजन कर घोट्ठा के बगल एक व्यक्ति के खेत में सो रहे थे। इसी बीच करीब 12 बजे सड़क से जा रहे कुछ लोगों ने घोट्ठे को जलता देखकर शोर मचाया। लोग जब तक आग बुझाने का प्रयास करते। आग ने ईश्वर पाल के घोट्ठे को पकड़ लिया। किसी ने इसकी सूचना फायर ब्रिगेड और पुलिस को दी। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने जुटे लोगों की मदद से आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक अमरजीत के झोपड़ी में रखा तख्त, बड़े बाक्स में रखा सामान, घर बनवाने के लिए रखे करीब 30 हजार रुपये आदि जल गये। जबकि रामईश्वर पाल का भूसा, साइकिल, चौकी, गोबर की कंडी, ओखल-मूसल आदि जल गये। इस संबंध में उपजिलाधिकारी अरुण सिंह ने बताया कि लेखपाल को भेजा गया है। जबकि एसएचओ को आग लगने के मामले की जांच कराने का निर्देश दिया गया है।
फसल काटने का लगाया था आरोप
बरहज। मोहांव गांव निवासी अमरजीत पाल ने करीब एक सप्ताह पूर्व उपजिलाकारी, प्रभारी थाना निरीक्षक और कलेक्टर को प्रार्थना पत्र दिया था। पत्रक में उन्होंने कहा है कि पैतृक हिस्से की जमीन में गेहूं की बुवाई की थी। लेकिन सगे भाइयों ने जबरियां फसल कटवा लिया था।