देवरिया। दस लाख रुपये की रंगदारी दे दो वरना परिणाम भुगतने को तैयार रहो। गुंडे-बदमाशों द्वारा रंगदारी मांगने के ऐसे मामले आए दिन देखने को मिलते हैं, लेकिन देवरिया जिले में रंगदारी मांगने का एक अजीबोगरीब मामले सामने आया है। यहां रंगदारी मांगने वाले ने 10 लाख रुपये की मांग तो की है, लेकिन साथ ही इसका विकल्प भी दे दिया है। उसने कहा है,‘अगर कैश नहीं दे सकते तो दो बीघा जमीन मेरे नाम बैनामा कर दो।’ पीड़ित ने मुख्यमंत्री से इसकी ऑनलाइन शिकायत की है। साथ ही उसने कार्रवाई नहीं होने पर सीएम आवास पर परिवार समेत आत्मदाह की धमकी दी है।
मामला जिले के बांस देवरिया गांव का है। भलुअनी थाने के ठाकुर देवरिया निवासी विजय श्रीवास्तव यहां किराए के मकान में रहकर प्रॉपर्टी डीलर का काम करते हैं। उन्होंने पड़ोसी गांव के एक शराब कारोबारी पर 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि शराब करोबारी अपने साथियों के साथ मिलकर उनके ऊपर रंगदारी देने के लिए दवाब बना रहा है। 12 जनवरी को अस्पताल गेट पर उनकी शराब करोबारी से मुलाकात हो गई। यहां उसने रंगदारी नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी। प्रॉपर्टी डीलर ने कहा है कि इस घटना के चार दिन बाद शराब कारोबारी फोन कर उसे धमकी देने लगा और कैश नहीं दे पाने की स्थिति में दो बीघा जमीन अपने नाम करने को कहा।
प्रॉपर्टी डीलर का कहना है कि उसने कोतवाली पुलिस से शराब कारोबारी के खिलाफ शिकायत की है, लेकिन सत्ता पक्ष के एक नेता हस्तक्षेप की वजह से पुलिस कार्रवाई करने से कतरा रही है। उसने अब शपथ पत्र के साथ ऑनलाइन जन सुनवाई पोर्टल पर सीएम से शिकायत की है। उसका कहना है कि अगर इस मामले में कार्रवाई नहीं हुई तो वह मुख्यमंत्री आवास के सामने परिवार समेत आत्मदाह कर लेगा। उधर, सदर कोतवाल सत्येंद्र पांडेय ने कहा है कि उन्हें ऐसे किसी मामले की जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि तहरीर मिलने पर पुलिस कार्रवाई करेगी।