देवरिया। रामपुर कारखाना थानाक्षेत्र विशुरपुर मुरार गांव में करंट की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। जिला अस्पताल प्रशासन की सूचना पर सदर कोतवाली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
विशुनपुर मुरार गांव निवासी रामधीन चौहान 40 मेहनत-मजदूरी कर परिवार की जीविका चलाते थे। सोमवार की सुबह वह पंखे का प्लग लगा रहे थे। उसी दौरान करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से जख्मी हो गए। परिवारवालों ने आनन-फानन में उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया और सदर कोतवाली पुलिस को सूचना दी। सदर कोतवाली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रामधीन चौहान की मौत की खबर सुनकर पत्नी रिंकू और इकलौती बेटी करुणा का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। सदर कोतवाल ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।