जुर्माना मांगने पर कर्मचारियों से उलझे दुकानदार
ईओ को बुलानी पड़ी पुलिस तो शांत हुआ मामला
पांच दुकानदारों से चार हजार वसूला गया जुर्माना
अमर उजाला ब्यूरो
लार। पॉलिथीन की जांच करने निकले नगर पंचायत कर्मियों से पिपरा चौराहा पर ठेला दुकानदार उलझ गए। जुर्माना देने का विरोध करते हुए मारपीट पर आमादा हो गए। मामला इतना बढ़ गया कि ईओ को पुलिस बुलानी पड़ी।
रोक के बावजूद नगर की दुकानों पर पॉलिथीन की बिक्री नहीं थम रहा है। ईओ के नेतृत्व में नगर पंचायतकर्मी गुरुवार को नगर में जांच के लिए निकले। पिपरा चौराहे पर ठेले पर सामान बेच रहे दुकानदारों के पास पॉलिथीन मिला। जुर्माने की रसीद काटकर कर्मचारियों ने दिया तो दुकानदार भड़क गए। मारपीट की धमकी देने लगे। उग्र दुकानदारों का तेवर देख कर्मचारी सहम गए और पुलिस को सूचना दी। मामला बढ़ता देख दुकानदार ठेला लेकर खिसक गए। पॉलिथीन की जांच से नगर के दुकानदारों में पूरे दिन हड़कंप मचा रहा। ईओ राजन नाथ तिवारी ने बताया कि यह अभियान जारी रहेगा। पॉलिथीन बेचने वाले दुकानदारों पर केस दर्ज कराया जाएगा।