शॉर्ट सर्किट से दुकान में लगी आग
दस हजार रुपये नकदी सहित लाखों का सामान जला
अमर उजाला ब्यूरो
भाटपाररानी। खामपार थाना के भिंगारी बाजार में बुधवार की मध्य रात शॉर्ट सर्किट से एक इलेक्ट्रॉनिक सामान की दुकान में आग लग गई। इससे दुकान में रखा लाखों रुपये का इलेक्ट्रॉनिक सामान व करीब 10 हजार रुपये नकदी जलकर नष्ट हो गया। आसपास के लोगों ने आग पर काबू पाया। बिहार के गोपालगंज जनपद अंतर्गत भोरे थाना के ग्राम भेड़िया निवासी अनिल की भिंगारी बाजार में इलेक्ट्रॉनिक्स सामान की दुकान है। यहां रिपेयरिंग का भी काम होता है। बुधवार की रात दुकान बंद कर अनिल घर चले गए। दुकान में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। दुकानदार के मुताबिक अगलगी से दुकान में रखा करीब 10 हजार रुपये नकद, 10 नए पंखे, आठ टीवी, सीडी ऑडियो सिस्टम, कूलर, करीब दो लाख के स्पेयर पार्ट्स सहित लाखों का सामान जल गया। दुकान से निकल रहे धुआं और लपट को देखकर आसपास के लोगों को जानकारी हुई। कड़ी मशक्कत के बाद आग बुझाई गई। दुकानदार ने घटना की सूचना पुलिस को दी है।