फोटो समाचार...
टिकट की लाइन में लगे दो युवकों को जीआरपी ने पीटा, हंगामा
मुंबई के लिए टिकट लेने आए थे तरकुलवा के रहने वाले दोनों युवक
अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया। रिजर्वेशन टिकट काउंटर की लाइन को ठीक कराने को लेकर मंगलवार की दोपहर विवाद हो गया। नाराज जीआरपी के जवानों ने दो युवकों की पिटाई कर हिरासत में ले लिया। जीआरपी थाने पहुंचकर लोगों ने हंगामा किया तो उन्हें छोड़ दिया। बाद में सदर कोतवाल यादवेंद्र बहादुर पाल, टीएसआई रामवृक्ष, स्टेशन रोड चौकी इंचार्ज ने पहुंचकर स्थिति संभाली।
तरकुलवा इलाके के दो युवक मुंबई के लिए टिकट लेने मंगलवार को देवरिया सदर रेलवे स्टेशन आए। यहां वे लाइन में लगे थे। दोपहर में जीआरपी के दो सिपाही वहां पहुंचे। युवक लाइन में थोड़ा सा हटकर खड़े थे। सिपाहियों ने उनसे बाहर निकलने को कहा। इस पर उनकी सिपाहियों से तकरार होने लगी। इससे नाराज जीआरपी के जवानों ने उनकी पिटाई कर दी, जिससे मौके भगदड़ की स्थिति हो गई। जीआरपी के सिपाही दोनों युवकों को हिरासत में ले लिए। बाद में लोगों ने जीआरपी थाने पर पहुंचकर हंगामा किया। सूचना के बाद जीआरपी इंस्पेक्टर रवींद्र बहादुर सिंह, सदर कोतवाल यादवेंद्र बहादुर पाल, टीएसआई रामवृक्ष यादव और स्टेशन रोड चौकी इंचार्ज पहुंच गए। सभी ने भीड़ को खदेड़कर तितर-बितर किया। स्टेशन अधीक्षक परशुराम त्रिपाठी ने भी जीआरपी थाने पहुंचकर जानकारी ली। जीआरपी इंस्पेक्टर रवींद्र बहादुर सिंह ने बताया कि सोनू और सतीश के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।