हत्या के आरोप में सास गिरफ्तार, पति ने कोर्ट में किया समर्पण
तरकुलवा के कोन्हवलिया बाबू राव खैराव टोला में 17 अप्रैल को हुई थी विवाहिता की हत्या
अमर उजाला ब्यूरो
तरकुलवा। स्थानीय थाना क्षेत्र के कोन्हवालिया बाबूराव खैरांव में दो माह पूर्व दहेज के लिए विवाहिता की हत्या के मामले में फरार चल रही सास को पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। उधर, पति ने कोर्ट में समर्पण कर दिया। बाद में पुलिस ने दोनों को जेल भेज दिया।
कुशीनगर के सेवरही थाना क्षेत्र के हाता धुरिया गांव निवासी मैनेजर शर्मा ने 13 वर्ष पूर्व अपनी बेटी नीतू शर्मा की शादी तरकुलवा थाने के कोन्हवलिया बाबूराव खैराव टोला निवासी तिलकधारी के बेटे मथुरा शर्मा से की थी। आरोप है कि शादी के कुछ दिनों बाद ही ससुराल वाले नीतू को दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगे। 17 अप्रैल की रात नीतू की हत्या हो गई। शव को घर में रख घरवाले फरार हो गए। आसपास के लोगों की सूचना पर पहुंचे मायके वालों ने पुलिस को जानकारी दी। मृतका के पिता की तहरीर पर सास इंद्रावती देवी, ससुर तिलकधारी व पति मथुरा शर्मा पर हत्या का केस दर्ज कर पुलिस तलाश कर रही थी। ससुर को पिछले माह ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था। शनिवार को थानाध्यक्ष जितेंद्र तिवारी ने सास इंद्रावती देवी को उसके मायके से गिरफ्तार कर लिया। उधर, पति मथुरा शर्मा पुलिस के भय से कोर्ट में समर्पण कर दिया। कोर्ट ने दोनों अभियुक्तों को जेल भेज दिया।