फोटो समाचार...
आज धरने पर बैठेंगे रंजीत के माता-पिता
मालीबारी के कोचिंग सेंटर में पीटकर और बाइक चढ़ाकर हुई थी हत्या
चार दिन बाद भी हत्यारोपियों की गिरफ्तारी न होने पर लिया फैसला
सुभाष चौक पर धरने के माध्यम से मुख्यमंत्री को बुलाने की होगी मांग
अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया/खुखुंदू। चार दिन बीतने के बाद भी बेटे रंजीत के हत्यारोपियों के न पकड़े जाने से नाराज माता-पिता ने गुरुवार से सुभाष चौक पर धरना देने का एलान किया है। उनके समर्थन में ग्रामीण भी धरने पर बैठेंगे। पुलिस पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए धरने के जरिए वह मुख्यमंत्री को बुलाने की मांग करेंगे।
बेटे की मौत से आहत मां गीता देवी ने कहा कि घटना के चार दिन बाद भी पुलिस हत्यारोपियों को नहीं पकड़ पाई, जबकि वह इसी क्षेत्र में घूम रहे हैं। सत्ताधारी दल के लोग भी मौन साधे हुए हैं। अब मुझे सिर्फ मुख्यमंत्री से ही न्याय की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि हत्यारोपियों की गिरफ्तारी होने और मुख्यमंत्री के आने के बाद ही धरना समाप्त होगा। बता दें कि बंजरिया गांव निवासी विजय प्रताप सिंह के बेटे रंजीत सिंह की सदर कोतवाली अंतर्गत मालीबारी कोचिंग सेंटर पर आगे की सीट पर बैठने को लेकर विवाद में शनिवार को साथी छात्रों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। इस मामले में पांच नामजद आरोपियों पर हत्या का केस दर्ज है। इसमें एक को घटना के बाद ही स्थानीय लोगों ने पकड़कर पुलिस को सुपुर्द कर दिया था। चार आरोपी अब भी फरार हैं। पुलिस की कार्रवाई से परिजन संतुष्ट नहीं है। मां गीता देवी का कहना है कि बर्बरतापूर्वक बेटे की पिटाई कर हत्या के बावजूद सत्ता पक्ष के लोग दरवाजे पर नहीं पहुंचे। कोतवाल दरवाजे पर पहुंचे भी तो दबिश देने का झूठा आश्वासन देकर चले गए। अब मुझे किसी पर विश्वास नहीं है। गुरुवार की सुबह नौ बजे से पति के साथ रिश्तेदारों और गांववालों को लेकर देवरिया सुभाष चौक पर धरने पर बैठूंगी। जब तक मुख्यमंत्री नहीं आएंगे धरना चलता रहेगा।
इनसेट
परिजनों से मिलीं पूर्व विधायक, बंधाया ढांढस
खुखुंदू। पूर्व विधायक गजाला लारी घटना के चौथे दिन बुधवार की दोपहर बंजरिया गांव पहुंचीं। उन्होंने छात्र रंजीत सिंह के माता-पिता से मिलकर ढांढस बंधाया। उन्होंने डीएम से मिलकर सरकारी आर्थिक सहायता दिलाने का आश्वासन भी दिया। मां गीता देवी की आंखों के आंसू पोछते हुए पूर्व विधायक ने कहा कि दुख की घड़ी में उनकी संवेदनाएं पीड़ित परिवार के साथ हैं। घटना को अंजाम देने वाले आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए वह डीएम-एसपी से मिलकर बात करेंगी। उन्होंने तत्काल कोतवाल को फोनकर अब तक की प्रगति जानी और शीघ्र गिरफ्तारी की बात कही।