संदिग्ध हालात में किशोरी ने लगाई फांसी, मौत
दादी और छोटे भाई के साथ रहती थी गांव, मुंबई में हैं माता-पिता
कपरवार के नौका टोला गांव का मामला
अमर उजाला ब्यूरो
बरहज। कपरवार के नौका टोला में एक किशोरी ने संदिग्ध हाल में फांसी लगाकर जान दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतरवाकर कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। किशोरी की फांसी लगाने की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।
चंद्रशेखर शर्मा की पुत्री नेहा (17) अपने छोटे भाई गोविंद और दादी मालती के साथ गांव में रहती थी। उसके पिता और मां चिंता देवी मुंबई में रहते हैं। लोगों का कहना है कि नेहा इसी वर्ष कक्षा आठ उत्तीर्ण की थी। किन्हीं कारणों से उसकी आगे की पढ़ाई नहीं हो सकी। रविवार की शाम वह खपरैल के मकान की धरन में फंदा लगाकर लटक गई। उसे फंदे से लटका देख भाई और दादी चिल्लाने लगे। शोरगुल सुनकर आसपास के लोग जुट गए। किसी ने इसकी सूचना पुलिस को दी। जानकारी होते ही थानाध्यक्ष वीरबहादुर सिंह और एसआई उमेश सिंह मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाया। इस संबंध में थानाध्यक्ष ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। आत्महत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।