चाकू से हमला कर चार लाख लूटने का आरोप
तीन दिन पूर्व मुसैला चौराहे के पास की घटना
मंगलवार को थाने पहुंच पीड़ित ने दी तहरीर, संदिग्ध मान रही पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
खुखुंदू। देवरिया से घर जाते समय एक व्यक्ति को बदमाशों ने चाकू मारकर चार लाख रुपये लूट लिए। घटना मुसैला-भरथुआ मार्ग पर मुसैला चौराहे के पास तीन दिन पुराना है। चाकू से घायल पीड़ित ने पहले उपचार कराया। इसके बाद मंगलवार को थाने पहुंचकर तहरीर दी। हालांकि पुलिस मामले को संदिग्ध मान रही है।
लार थाना क्षेत्र के खरवनिया निवासी मुकेश वर्मा हृदय रोग से पीड़ित है। इसका इलाज वह लखनऊ में करा रहे हैं। उनके मुताबिक ऑपरेशन के लिए शनिवार को कई रिश्तेदारों से रुपये इकट्ठा कर देवरिया से कार से गांव के लिए चले। खुखुंदू क्षेत्र के मुसैला चौराहे से कुछ दूर आगे बढ़ने पर एक युवक ने हाथ देकर गाड़ी रोका और बैठाने के लिए आग्रह करने लगा। युवक के बैठते ही जैसे गाड़ी को आगे बढ़ाना चाहा, युवक चाभी छीनने लगा। तीन अन्य युवक भी आ गए। सिर पर डंडा और पेट में चाकू मारकर बदमाशों ने वाहन में रखा चार लाख रुपये लूट कर भाग गए। होश में आने के बाद वह किसी तरह लार पहुंचा और उपचार कराया। मंगलवार को उसने थाने पहुंच तहरीर दी। प्रभारी एसओ मनोज यादव ने कहा कि पीड़ित को लेकर मौका मुआयना किया गया है। जांच पड़ताल के बाद मुकदमे की कार्रवाई होगी।