खुखुंदू के नरौली संग्राम गांव के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट जाने से बोलेरो के परखच्चे उड़ गए। अमर उजाला
- फोटो : अमर उजाला
खुखुंदू (देवरिया)। खुखुंदू के नरौली संग्राम गांव के पास रविवार की रात ट्राली से टकराकर बोलेरो सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी। गवना कराने जा रहे बोलेरो सवार सभी आठ लोग घायल हो गए हैं। इनमें से चार लोगों की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है। पुलिस ने अपने वाहन से सभी को जिला अस्पताल भेजवाया।
सलेमपुर कोतवाली इलाके के भीमपुर गांव निवासी उपेंद्र चौहान की शादी गोरखपुर के चौरीचौरा में हुई है। रविवार की रात को उपेंद्र गवना कराने जा रहा था। गाड़ी में उसके साथ सुनील चौहान, सुनील, विकास, बृजानंद, श्रुति, कृति और एक अन्य व्यक्ति सवार था। बोलेरो अभी खुखुंदू के नरौली संग्राम गांव के पास ही पहुंची थी कि सड़क पार कर रही ट्राली से टकराकर सड़क किनारे गड्ढे में गिर गई। बोलेरो के परखच्चे उड़ ही गए, इसमें सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। चालक समेत चार लोगों की हालत गंभीर है। बार-बार फोन करने के बाद भी 108 नंबर की एंबुलेंस नहीं पहुंची। सूचना पर खुखुंदू थाना प्रभारी परमा शंकर यादव और डायल-100 की पुलिस पहुंची। घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया गया। यहां से हालत गंभीर देखकर चिकित्सकों ने सभी को गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।