मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर डीएम और एसपी ने राजकीय इंटर कॉलेज परिसर का निरीक्षण किया।
- फोटो : अमर उजाला
देवरिया। सीएम की सुरक्षा चार एएसपी और 11 सीओ के जिम्मे होगी। एसपी पल-पल सुरक्षा की मॉनिटरिंग करते रहेंगे। बाहर से दो कंपनी पीएसी और छह सौ पुलिसकर्मी भी ड्यूटी में लगेंगे। चप्पे-चप्पे पर फोर्स मुस्तैद रहेगी। पिछले दिनों गाजीपुर में सीएम के कार्यक्रम के दौरान हुए हंगामे के बाद प्रशासन और सतर्क है। गहन तलाशी के बाद ही मुख्य पंडाल में प्रवेश मिल सकेगा।
26 दिसंबर को सीएम योगी आदित्यनाथ जिले में होंगे। उनके लिए जेड प्लस श्रेणी की सुरक्षा अनुमन्य है। सुरक्षा में कोई चूक न होने हो, इसके लिए जिले के अलावा बाहर से भी फोर्स मंगाई गई है। जिले में एक एएसपी, पांच सीओ हैं। इसके अलावा जिले के सभी थानेदार, महिला थाने की प्रभारी, पीएसी की ड्यूटी लगाई जा रही है। थानों पर कुछ कर्मियों को ही छोड़ा जाएगा। एसपी ने बताया कि जिले की फोर्स के साथ ही बाहर के जिलों से तीन एएसपी, छह सीओ के साथ ही 600 फोर्स की मांग की गई है। इसमें इंस्पेक्टर, सब इंस्पेक्टर, हेड कांस्टेबल और कांस्टेबल शामिल रहेंगे। मंगलवार को बाहर से सभी फोर्स जिले में आ जाएगी। इसके बाद सभी की ड्यूटी निर्धारित कर दी जाएगी। सीएम की सुरक्षा में कहीं कोई कमी नहीं दिखेगी। एसपी ने बताया कि सीएम के कार्यक्रम को देखते हुए रूट डायवर्जन भी किया जाएगा। इसके लिए डीएम और अन्य अधिकारियों के साथ बैठक होनी है। बैठक में सब कुछ तय हो जाएगा। इस बात का ख्याल रखा जाएगा कि जनता को कम से कम परेशानी होने पाए।
होटल-ढाबों की जांच का निर्देश
सीएम के कार्यक्रम को देखते हुए एसपी ने सभी थानेदारों को अपने-अपने इलाके के होटल, धर्मशाला, ढाबा, बस स्टेशन और रेलवे स्टेशन पर चेकिंग करने का निर्देश दिया है। संदिग्ध वाहन और व्यक्तियों की भी तलाशी ली जाए। एसपी एन. कोलांचि ने कहा है कि बिहार और अन्य जिलों की सीमा पर भी चौकसी बरती जाए। बैंक, एटीएम और बैंक के आसपास अनावश्यक रूप से रहने वालों की निगरानी करें। एसपी एन. कोलांचि ने कोतवाली रोड पर स्थित पीएनबी की शाखा का सोमवार को निरीक्षण किया। वहीं, सीओ सीओ सिटी वरुण मिश्र ने राघवनगर स्थित एसबीआई की मुख्य शाखा में पहुंचकर जांच की। एसपी के निर्देश पर सभी थानेदारों ने अपने इलाके के बैंक की शाखाओं की जांच किए।