रुद्रपुर। रामलीला देखकर लौट रहे शिक्षामित्र की कुछ युवकों ने जमकर धुनाई की। उन्होंने शिक्षामित्र को रस्सी से बांधकर चप्पल और डंडे से पीटा। युवकों ने उसकी पिटाई का वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। मामले में एकौना पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर गांव के चार लोगों पर मारपीट का मुकदमा दर्ज किया है।
एकौना गांव निवासी रामप्रसाद बेसिक शिक्षा विभाग में शिक्षामित्र हैं। वर्तमान में वह गांव के ही प्राइमरी स्कूल पर तैनात हैं। उन्होंने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि 11 अक्तूबर की रात वह गांव के मंदिर पर हो रही रामलीला देखने गए थे। रात करीब 12 बजे वह घर को लौटने लगे। गांव के मोतीलाल के घर के पास कुछ युवकों ने उसे घेर लिया। आरोप है कि युवक पुरानी रंजिश को लेकर उसकी पिटाई करने लगे। दो युवकों ने उसका हाथ रस्सी से बांध दिया। उन्होंने उसके मुंह पर कई बार चप्पलों से भी मारा, जिससे वह लहूलुहान हो गया। वीडियो में शिक्षामित्र युवकों से हाथ जोड़कर गुहार लगा रहा है। शिक्षामित्र के शोर मचाने पर लोग जुटने लगे। लोगों की भीड़ देख पिटाई कर रहे युवक भाग निकले। उसकी पिटाई का एक युवक ने वीडियो भी बनाया। पुलिस ने मामले में गांव के संदीप, सोनू, विपिन और सुधाकर के खिलाफ मारपीट का केस दर्ज किया। पीड़ित और आरोपी दोनों पक्ष दलित वर्ग के हैं। इस बाबत थानाध्यक्ष जितेंद्र तिवारी ने बताया कि मारपीट के मामले में चार युवकों पर मुकदमा दर्ज किया गया है। दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।