देवरिया। तीन दिन के भीतर प्रदेश के 25 विधायकों को धमकी भरे संदेश मिलने के बाद अब देवरिया सदर विधायक जन्मेजय सिंह को भी धमकी मिली है। विदेशी नंबर से अली बुद्धेश भाई नामक शख्स ने तीन दिन में 10 लाख रुपये न देने पर परिवार के सभी सदस्यों को बारी-बारी से जान से मारने की धमकी दी है। व्हाट्सएप पर 22 मई को आए मैसेज पर विधायक की नजर शुक्रवार को पड़ी। इसके बाद उन्होंने लखनऊ के हजरतगंज थाने में तहरीर दी है। विधायक को धमकी मिलने से परिवार के लोग सहमे हैं।
विधायक जन्मेजय सिंह को व्हाट्सएप पर मिले मैसेज में धमकी देने वाले ने अपना नाम अली बुद्धेश भाई बताते हुए कहा है कि अगर परिवार की सुरक्षा चाहते हो तो तीन दिन में 10 लाख रुपये की व्यवस्था कर लो। अगर रुपये नहीं दिए तो परिवार के सदस्यों की हत्या कर दी जाएगी। धमकाने वाले ने यह भी लिखा कि मेरा आदमी तुम्हारे आस-पास ही है। यदि इस पर यकीन न हो तो तीन दिन बाद परिवार के एक सदस्य की लाश देखने को तैयार रहो। विधायक के मुताबिक यह मैैसेज 22 मई को ही व्हाट्सएप पर आया था। शुक्रवार को पेंडिंग मैसेज देखने शुरू किए तो इस पर भी नजर पड़ी। उधर, एसपी रोहन पी. कनय का कहना है कि मामला संज्ञान में आया है। विधायक की ओर से तहरीर मिली तो केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।