विकास भवन परिसर में बैठक करते बीडीओ।
- फोटो : अमर उजाला
गौरीबाजार। बैतालपुर के बीडीओ के कमरे में घुसकर मारपीट करने वाले पांच नामजद और 100 अज्ञात के खिलाफ शनिवार को गौरीबाजार पुलिस ने गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई बीडीओ की तहरीर पर की है। बैतालपुर विकास खंड के सिरजम गांव में कोटे की दुकान के चयन को लेकर शुक्रवार को ब्लॉक मुख्यालय पर गांववालों ने हंगामा मचाया और बीडीओ के कक्ष में घुसकर मारपीट की। कुछ देर के लिए सड़क भी जाम की गई थी। बीडीओ विजय प्रकाश सिंह ने गौरीबाजार पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए डीएम सुजीत कुमार ने गौरीबाजार पुलिस को कार्रवाई का निर्देश दिया था। इस पर पुलिस ने सिरजम गांव के इंद्रजीत, संतोष मिश्रा, रुपेश, प्रधान पति संतोष यादव और पूनम देवी के विरुद्ध सरकारी कार्यालय में घुसकर तोड़फोड़, सरकारी काम में हस्तक्षेप, लूटपाट, जान माल की धमकी, सेवेन सीएलए और सरकारी संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। वहीं, गांववालों के पक्ष से भी तहरीर दी गई है। इसके बाद भी पुलिस मुकदमा दर्ज नहीं की है। गौरीबाजार के इंस्पेक्टर अनिल कुमार सिंह का कहना है कि बीडीओ से मारपीट करने वालों पर केस दर्ज किया गया है। सभी को गिरफ्तार किया जाएगा।
आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी
देवरिया। बैतालपुर के बीडीओ की पिटाई के मामले ने तूल पकड़ लिया है। शनिवार को सेक्रेट्री और ग्राम विकास अधिकारियों ने बैठक कर आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर प्रदेश व्यापी आंदोलन की चेतावनी दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरजम गांव की महिलाओं को ब्लॉक में भेजकर अराजकता का माहौल पैदा किया गया। बीडीओ विजय प्रताप सिंह से हाथापाई साजिश के तहत कराई गई है।
ग्राम विकास अधिकारी संघ के जिला मंत्री राजीव शंकर मिश्र ने आरोप लगाया कि राशन माफिया ने 2014 से संबद्ध चल रही कोटे की दुकान को बनाए रखने के लिए बीडीओ को सुनियोजित तरीके से जान से मारने का प्रयास कराया है। कर्मचारियों और पुलिसकर्मियों के प्रयास से बीडीओ ने दूसरे कमरे मेें खुद को बंद कर जान बचाई। ओमप्रकाश सोनी ने कहा कि महिलाओं ने बीडीओ के खिलाफ फर्जी तहरीर दी है। पुलिस प्रशासन ने गलत मुकदमा दर्ज किया तो प्रदेशव्यापी आंदोलन किया जाएगा। विकास भवन के कर्मचारी नेता मनोज पांडेय ने आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर विकास भवन को बंद करने की चेतावनी दी। बैठक में 16 विकास खंड के कर्मचारियों और अधिकारियों ने एक स्वर से घटना की निंदा की। कहा कि आरोपियों और राशन माफियाओं के खिलाफ रविवार तक कार्रवाई नहीं हुई तो विकास कार्य ठप कर दी जाएगी। इस दौरान बीडीओ ज्ञानप्रकाश, रतन चौधरी, ओमप्रकाश, अनिल सिंह, चंद्रभूषण मणि, नंदकिशोर सिंह, बैजनाथ गुप्ता, रामकृपाल यादव, देवकांत मणि पाठक, अजय द्विवेदीेेेे आदि मौजूद रहे।