बरहज। बड़हलगंज थानाक्षेत्र के एक पुलिस पिकेट पर लगे बैरियर को तोड़कर पशु लदा ट्रक उग्रसेन सेतु से बरहज के रास्ते भागना चाहा। पुलिस ने पीछा कर ट्रक को पकड़ लिया। ट्रक गैर सीमा में पकड़े जाने के कारण बरहज पुलिस ने स्थानीय थाने को सौंप दिया।
गुरुवार सुबह करीब 10 बजे बड़हलगंज की ओर से आ रहा पशु लदा ट्रक पटना घाट स्थित पुलिस चौकी का बैरियर तोड़ते हुए देवरिया की सीमा में प्रवेश किया। लोगों का कहना है कि ट्रक तेजी से बरहज के रास्ते लार रोड होते हुए बिहार भाग रहा था। सूचना मिलने पर एसआई अजय पाठक हमराही विनोद पाल के साथ ट्रक का पीछा करने लगे। बंगरा बाजार में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य की होने वाली जनसभा में जा रहे प्रभारी थानाध्यक्ष विनय सिंह मय फोर्स जा रहे थे। जानकारी होने पर उन्होंने घेराबंदी की। मईल चौराहे पर पुलिस की गाड़ी देखकर चालक ट्रक पीछे कर भागना चाहा, लेकिन पुलिस ने पशु सहित वाहन को दबोच लिया। बरहज के प्रभारी थानाध्यक्ष ने बताया कि पकड़े गए पशु लदे ट्रक को गैर सीमा होने के कारण मईल थाने को सौंप दिया गया है।