देवरिया। दशहरा और मोहर्रम के दौरान सदर कोतवाली के बड़हरा गांव में हुए विवाद के मामले में कोर्ट के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने 17 नामजद समेत सैकड़ों अज्ञात लोगों पर गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
कोर्ट में दिए गए आवेदन में बड़हरा गांव के मुस्तफा ने कहा था कि एक अक्टूबर को ताजिया जुलूस निकला था। उनके घर से 50 मीटर की दूरी पर शरीफ के दरवाजे पर ताजिया रखा गया था। दो अक्टूबर को गांव में रखी दुर्गा प्रतिमा के विसर्जन के लिए जुलूस निकला। जुलूस एक बजे ताजिया के करीब पहुंचा। जुलूस में शामिल लोग तलवार, भाला, चाकू, लाठी, डंडा समेत अवैध असलहों से लैस थे। ताजिया स्थल पर पहुंच कर कुछ लोग ताजिया पर अबीर फेंकने लगे थे। मना करने पर पिटाई भी की। कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की गई, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। न्यायालय के आदेश पर मंगलवार को कोतवाली पुलिस ने गांव निवासी गरुण चतुर्वेदी, अनूप चतुर्वेदी, श्रीराम चतुर्वेदी, शिव कुमार, गोलू, अभिषेक, धन्नू गोंड, मन्नू गोंड, सुरेश, धर्मेंद्र, रामेश्वर, अजय, दारा, अन्नू शर्मा, अभिषेक विश्वकर्मा, अखिलेश, अभिषेक पटेल और सैकड़ों अज्ञात के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है। सदर कोतवाल सत्येंद्र पांडेय का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है।