सड़क हादसे में शख्स की मौत
गौरी बाजार के इंदूपुर चौराहे के पास हुआ हादसा
अमर उजाला ब्यूरो
गौरीबाजार। गौरी बाजार-रुद्रपुर मार्ग पर इंदूपुर चौराहे के पास शनिवार की देर रात प्राइवेट बस की चपेट में आने से एक शख्स की मौत हो गई। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
रुद्रपुर क्षेत्र के बेलकुंडा गांव निवासी सुभाष यादव (55) इंदुपुर स्थमित एक निजी विद्यालय में काम करते थे। शनिवार को देर शाम वह इंदुपुर चौराहे पर घर गृहस्थी का कुछ सामान खरीदने आए थे। सामान लेकर वह पैदल घर जा रहे थे। इसी बीच देर रात बारात लेकर जा रही एक निजी बस की चपेट में आकर गंभीर रूप से जख्मी हो गए। परिवार के लोग आनन-फानन उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां से जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई। सुभाष की मौत की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पत्नी मीरा देवी, पुत्र शैलेश और बेटी पूजा सहित अन्य परिवारजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सुभाष अपने परिवार का एकमात्र कमाऊ सदस्य थे। इस बाबत थाना प्रभारी भूपेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।