देवरिया। सदर कोतवाली क्षेत्र के नोनिया छापर गांव के एक घर में रविवार की रात चोरी हुई। चोर 15 हजार नकद, सोने-चांदी के जेवर और साड़ी चुरा ले गए हैं। सोमवार की सुबह घर से कुछ दूरी पर टूटा हुआ बाक्स मिला। पीड़ित ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
नोनिया छापर गांव निवासी रामलाल चौरसिया का कहना है कि रविवार की रात को परिवार के सभी लोग भोजन के बाद अपने-अपने कमरे में सो गए। उनकी मां कुछ दूरी पर बने घोटे पर सोई थी। रात के समय चोर मकान के पीछे से छत पर चढ़ गए। सीढ़ी के रास्ते घर में आए। जिन तीन कमरों ने वे तीनों भाई सोए थे उसे बाहर से कुंडी लगा दिया। रामलाल का कहना है कि मां के कमरे से चोर तीन बाक्स उठा ले गए। कुछ दूरी पर ले जाकर उसे तोड़ गया था। सुबह जब उन लोगों की नींद खुली और दरवाजा खोलकर बाहर निकलने की कोशिश की तो दरवाजा बंद था। फोन कर गांव के एक व्यक्ति को बुलाया तो उसने दरवाजा खोला। उसका कहना है कि बाक्स घर से कुछ दूरी पर टूटा मिला। चोर 15 हजार रुपये नकद, सोने की चेन, कील, कान का टप्स, चांदी की पायल और 16 कीमती साड़ी चुरा ले गए थे। उसने कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है। सदर कोतवाल सत्येंद्र पांडेय का कहना है कि तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है।