कंचनपुर (देवरिया)। ईंट भट्ठे पर देसी शराब जब्त करने के लिए छापा मारने पहुंची एसओजी टीम पर गांव वालों ने पथराव करके दो सिपाहियों को घायल कर दिया। टीम ने हवाई फायरिंग कर जान बचाई और भट्ठा मालिक को हिरासत में लेते हुए 100 डिब्बे से अधिक देसी शराब जब्त कर ली।
सूचना के मुताबिक छापा मारने पहुंची एसओजी टीम के सिपाहियों ने ईंट भट्ठे के मालिक के पहुंचने पर सिपाहियों ने दुर्व्यवहार किया, जिससे गांववाले भड़क उठे और सिपाहियों पर पथराव शुरू कर दिया। हवाई फायरिंग कर एसओजी टीम ने जान बचाई। दो सिपाहियों के हाथ में चोट आई है। इंस्पेक्टर की अगुवाई में एसओजी की टीम सिविल ड्रेस में शनिवार की शाम 5.30 बजे तरकुलवा थाना के बालपुर श्रीनगर गांव पहुंची। ईंट-भट्ठे पर दबिश दी। यहां पर 100 डिब्बों में शराब मिली। कुछ देर के बाद ग्राम प्रधान प्रभावती देवी के पति और ईंट-भट्ठा मालिक रामअशीष गुप्त पहुंच गए। एसओजी के सिपाहियों ने उनके साथ मारपीट कर दी। यह देख गांववाले भड़क उठे। कुछ देर में गांव के सैकड़ों लोग पहुंच गए और एसओजी टीम को घेर लिया। गुस्साए गांववालों ने पथराव शुरू कर दिया। सिपाहियों ने किसी तरह मोर्चा संभाला और हवाई फायरिंग करके खुद को गांव वालों के हमले से बचाया। भट्ठा मालिक रामअशीष को हिरासत में लेकर चली गई। सूचना पाकर सीओ सिटी, बघौचघाट, रामपुर कारखाना और कोतवाली की पुलिस के साथ पहुंचे। गांव के विभिन्न इलाकों में पहुंच कर स्थिति का जायजा लिया।