युवक की हत्या मामले में पिता और भाइयों पर केस
- एक साल पूर्व शराब में जहर देकर हत्या करने का आरोप
- मानवाधिकार आयोग के हस्तक्षेप से एक साल बाद हुई कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया। देवरिया खास निवासी युवक सतीश यादव की मौत के मामले में पुलिस ने पिता और दो सगे भाइयों पर हत्या का केस दर्ज किया है। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के हस्तक्षेप के बाद सीओ सिटी के निर्देश पर एक साल बाद कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई की है।
सतीश यादव (32) की 31 जुलाई 2017 की रात को मौत हो गई। इसकी पत्नी रेनू यादव ने सतीश के पिता और दोनों भाइयों पर शराब में जहर देकर सुनियोजित तरीके से हत्या करने का आरोप लगाया। लेकिन, पुलिस ने मामले को संदिग्ध मानते हुए जांच की बात कह टाल दिया। पीड़ित महिला ने राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग को शिकायती पत्र भेजा। मानवाधिकार आयोग की ओर से कराई गई जांच में महिला की शिकायत सही मिली और पुलिस की उदासीनता सामने आई। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर कोतवाली पुलिस ने सोमवार को रेनू यादव की तहरीर पर मृतक सतीश के पिता विश्वनाथ यादव, बड़े भाई सुनील और योगेंद्र यादव पर हत्या का केस दर्ज किया है। प्रभारी कोतवाल राजबीर यादव ने बताया कि एक साल पुराना मामला है। हत्या का केस दर्ज कर विवेचना की जा रही है।