भवन खाली कराने के लिए ट्रस्ट ने भेजा नोटिस
15 हजार रुपये किराए पर गिरिजा ने आर्य समाज ट्रस्ट से लिया था भवन
2.75 लाख रुपये किराए का बकाया, भवन खाली कराने की कवायद
अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया। स्टेशन रोड पर जिस मकान में गिरिजा त्रिपाठी की संस्था बालगृह बालिका का संचालन होता रहा है, उसे खाली करने के लिए भवन स्वामी ने नोटिस दिया है। गुरुवार को नोटिस जारी हुआ, जिसे एक-दो दिनों में संस्था की दीवारों पर चस्पा भी कर दिया जाएगा। भवन स्वामी का संस्था पर करीब सवा तीन लाख रुपये बकाया है। इसके लिए लगातार पत्राचार होता रहा है। काफी मशक्कत के बाद जून में संस्था ने 50 हजार रुपये का भुगतान किया, मगर अभी भी पौने तीन लाख रुपये बकाया है। अब भवन स्वामी ने इसे खाली कराने का नोटिस भेजा है।
स्टेशन रोड पर पुराने भास्कर प्रेस के पास आर्य समाज ट्रस्ट की बिल्डिंग हैं। करीब 50 साल पुराने इस भवन को शहर के प्रमुख समाजसेवी ने ट्रस्ट को दान दिया था। फिलहाल उसी परिवार के राजकुमार अग्रवाल ट्रस्ट के अध्यक्ष हैं। ट्रस्ट ने इस भवन के भूतल को वर्ष 2005 में गिरिजा त्रिपाठी की संस्था को किराए पर दिया था। वर्ष 2010 में प्रथम मंजिल को भी बालगृह बालिका संचालन के लिए संस्था को सौंप दिया गया। करीब 15 हजार रुपये प्रतिमाह संस्था को बतौर किराया ट्रस्ट को देना था। लंबे समय से संस्था ने किराए का भुगतान नहीं किया। इसके लिए ट्रस्ट की ओर से कई बार नोटिस दिया गया। ट्रस्ट अध्यक्ष राजकुमार अग्रवाल ने बताया कि जून माह में संचालिका ने 50 हजार रुपये का भुगतान किया। इसके बावजूद 2.75 लाख रुपये का अभी भी बकाया है। भवन खाली करने के लिए संस्था को नोटिस भेजा गया है। एक माह में भवन खाली नहीं होता तो कोर्ट की शरण ली जाएगी।