पति, ससुर समेत पांच पर दहेज हत्या का केस दर्ज
14 जुलाई को नहर में मिली थी नवविवाहिता की लाश
अमर उजाला ब्यूरो
गौरी बाजार। अर्जुनडीहा गांव के पास नहर में नवविवाहिता की लाश मिलने के मामले में पुलिस ने पति, ससुर, जेठ सहित पांच लोगों के खिलाफ दहेज हत्या व साक्ष्य मिटाने का केस दर्ज किया है। विवाहिता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने यह कार्रवाई की है। आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
ग्राम अर्जुन डीहा के पास माइनर में नवविवाहिता की लाश मिली थी। काफी कोशिशों के बाद शव की शिनाख्त न होने पर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। अगले दिन पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर सुरचक गांव निवासी चंद्रभान सिंह ने शव की शिनाख्त बेटी मनीषा के रूप में की थी। 29 जून को मनीषा की शादी क्षेत्र के ही बभनौली निवासी मनोज सिंह से हुई थी। शादी के 10 दिनों बाद आठ जुलाई को ससुरालवालों ने बेटी के लापात होने की सूचना दी। चंद्रभान सिंह का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले दहेज में बाइक की मांग कर रहे थे। यह डिमांड पूरा न करने पर बेटी की हत्या कर दी और शव को नहर में फेंक दिया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मनीषा के पति मनोज सिंह, ससुर चंद्रभान सिंह, जेठ अशोक सिंह, जेठानी कौशल्या देवी और ननद सुनीता पर दहेज उत्पीड़न, हत्या व साक्ष्य नष्ट करने की धाराओं में केस दर्ज किया है। प्रभारी एसओ छोटेलाल ने बताया कि मनीषा की हत्या के मामले में पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शीघ्र ही उनकी गिरफ्तारी कर ली जाएगी।