महिला सरपंच और पंचायत सचिव पर धोखाधड़ी का केस
गांव के विकास के लिए आई ग्रांट को खुर्दबुर्द करने का आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
बटाला। गांव के विकास के लिए आई सरकारी ग्रांट खुर्दबुर्द करने के आरोप में फतेहगढ़ चूड़ियां पुलिस ने गांव घाड़कियां की महिला सरपंच और पंचायत सचिव के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।
थाना फतेहगढ़ चूड़ियां के प्रभारी हरजीत सिंह ने बताया कि गांव घाड़कियां की महिला सरपंच रूपिंदर कौर निवासी गांव घाड़कियां और पंचायत सचिव सिमरनजीत सिंह निवासी गांव घोनेवाल पर आरोप था। उन्होंने 2014 से लेकर 2017 तक आई सरकारी ग्रांट में से 10 लाख 19 हजार 170 रुपये का गबन किया है। इसके बाद डीडीपीओ और बीडीपीओ फतेहगढ़ चूड़ियां की ओर से जांच के बाद एसएसपी बटाला के निर्देशों पर सरकारी ग्रांट खुर्दबुर्द करने के आरोप में उक्त महिला सरपंच और पंचायत सचिव के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। फिलहाल किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।