फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हादसे में बाइक चालक की मौत, दो साथी जख्मी

Sun, 09 Dec 2018 11:31 PM IST
deoria
विज्ञापन
अरुण फाइल फोटो। - फोटो : amar ujala
विज्ञापन
देवरिया। रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र के हड़ही गांव के पास रविवार को पिकअप की चपेट में आने से बाइक चालक की मौत हो गई। हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गए। जिला अस्पताल पर प्रारंभिक उपचार के बाद एक की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन समेत फरार हो गया। सदर कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। 
विज्ञापन

मदनपुर थाना क्षेेत्र के मोहरा गांव निवासी अरुण साहनी अपने दो साथियों के साथ बाइक से तरकुलहा देवी के दर्शन करने रविवार की सुबह गए थे। दर्शन के बाद तीनों युवक घर लौट रहे थे। अपराह्न दो बजे वह रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र के हड़ही गांव के समीप पहुंचे थे कि सामने से आ रही पिकअप ने टक्कर मार दी। बाइक चला रहे अरुण साहनी (31) की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में बाइक सवार इसी गांव के धर्मेंद्र यादव (28) और बीरबल (25) घायल हो गए। एंबुलेंस की मदद से तीनों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। धर्मेंद्र यादव का एक पैर फ्रैक्चर होने व गंभीर चोट के कारण डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। वहीं, बीरबल को हल्की चोट है। साथी की मौत से बीरबल बदहवास हो गया था। कुछ देर बाद पहुंचे गांव वालों ने उसे संभाला। इस बाबत प्रभारी कोतवाल शशांक शेखर राय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। 

अरुण ने नहीं पहना था हेलमेट 
देवरिया। गोरखपुर के तरकुलहा देवी के दर्शन के लिए बीरबल अपने रिश्तेदार की बाइक मांगकर कर लाया था। जाते समय बीरबल चलाकर ले गया, लेकिन लौटते वक्त अरुण साहनी बाइक चला रहे थे। बीच में बैठा धर्मेंद्र हेलमेट पहना हुआ था, जबकि अरुण बिना हेलमेट के थे। सिर में गंभीर चोट लगने से उनकी मौत हुई है। सिर में हेलमेट होता तो शायद जान बच जाती।
विज्ञापन



बाहर से आने की खुशी में दोस्तों के साथ गया था देवी दर्शन को 
देवरिया। राजेंद्र साहनी के चार बेटों में अरुण दूसरे नंबर के थे। वह उत्तराखंड में रहकर जेसीबी चलाकर परिवार की गाड़ी खींचते थे। पिता घर पर राजगीर मिस्त्री का कार्य करते हैं। बेटे की मौत की खबर मिलने के बाद अस्पताल पहुंची मां राबड़ी देवी और बहनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया था। घरवालों के अनुसार चार दिन पूर्व ही अरुण घर आए थे। इस खुशी में अपने दोस्तों के साथ तरकुलहा देवी के दर्शन करने गए थे, लेकिन भगवान को कुछ और ही मंजूर था। दो साल पूर्व अरुण की शादी हुई थी। उनकी एक साल की एक बच्ची है। मौत से घर में मातम छा गया है।

ऑटो पलटने से सवार जख्मी
लार रोड। मईल थाना क्षेत्र के कुंडौली घोठा के समीप रविवार को एक ऑटो पलट गया। ऑटो में सवार आधा दर्जन लोगों को मामूली चोटें आईं। दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। भागलपुर की तरफ से रविवार दोपहर सवारी लेकर सलेमपुर जा रहा एक ऑटो बाइक सवार को बचाने के चक्कर में अनियंत्रित होकर कुंडौली घोठा के समीप पलट गया। ऑटो सवार आधा दर्जन लोगों को मामूली चोटें आईं। ऑटो में सवार छितुपुर गांव निवासी उषा देवी (50) पत्नी उमरांव, राजंती देवी (55) पत्नी बाबूलाल निवासी महलिया गंभीर रूप से घायल हो गईं। उनका नजदीकी अस्पताल में उपचार कराया गया।

ससुराल आए शख्स की मौत, रिश्तेदारों में बढ़ी खींचतान
देवरिया। कोतवाली क्षेत्र के खोराराम गांव में ससुराल आए कुशीनगर के युवक की संदिग्ध हाल में मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की मौत से ससुराल और मायके पक्ष के बीच खींचतान बढ़ गई है। 
कुशीनगर जिले के हाटा थाना क्षेत्र पगरा गांव निवासी कुंवर चौहान (45) की ससुराल कोतवाली क्षेत्र के खोराराम गांव निवासी भागवत चौहान के घर है। कुंवर की पत्नी अपने मायके में बच्चों को लेकर आई थी। ससुराल वालों के अनुसार कुंवर शनिवार की देर शाम को लड़खड़ाते हुए शाम को आया और दरवाजे पर गिर गया। उसे आनन-फानन जिला अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टर ने जहरीला पदार्थ खाने की बात कहते हुए इलाज शुरू किया। इलाज के दौरान आधी रात को उसकी मौत हो गई। पति की मौत के बाद पत्नी शांति देवी बदहवास हो गई। कुंवर के घर वाले भी पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए। इसकी मौत को लेकर रिश्तेदारों के बीच तनातनी बढ़ गई है। इस बाबत प्रभारी कोतवाल शशांक शेखर राय ने कहा कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजहों की जानकारी होगी। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।  

संदिग्ध हालात में एक की मौत 
देवरिया। रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र के करमेल बनरही गांव निवासी मुनीब की बेटी ममता 23 की संदिग्ध हालात में शनिवार की रात को मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इसकी मौत को लेकर लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। 
युवक  के शव की हुई पहचान 
देवरिया। चिरैया रेलवे ढाला के पास दो दिन पूर्व जान देने वाले युवक के शव की पहचान रविवार को हो गई। पुलिस के अनुसार रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के बलटीकरा गांव निवासी नरपति राय (30) ने ट्रेन के सामने कूदकर जान दी थी। वह नशेड़ी था।
तीन दिन पहले घर से निकले युवक का मिला शव, कोहराम
देवरिया। तीन दिन पहले घर से निकले युवक का शव रविवार को जिला अस्पताल के मोर्चरी पहुंच गया। सूचना पाकर परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। परिजनों ने पुलिस पर सच छिपाने का आरोप लगाया। उन्होंने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर मौत के कारणों से पर्दा उठाने की मांग की। रामपुर कारखाना क्षेत्र के बलटीकरा गांव के नरपति राय के आशुतोष राय 30 और दिवाकर राय दो बेटे हैं। शुक्रवार की शाम तीन बजे बड़ा बेटा आशुतोष राय बस ले जाने की बात कहकर घर से निकला। रविवार की सुबह एक अज्ञात नंबर से दिवाकर राय के मोबाइल पर किसी ने मोर्चरी में आशुतोष का शव होने की आशंका जताई। सूचना मिलते ही परिवार के लोग वहां पहुंच गए। शव की शिनाख्त होते ही कोहराम मच गया। मृतक के चाचा रवि प्रताप राय ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस इस मामले में कुछ भी ठीक ढंग से नहीं बता रही है। मौत कैसे हुई ? शव कहाँ मिला ? यह सब जानकारी नहीं दी जा रही है। खबर सुनते ही परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। आशुतोष की शादी नहीं हुई थी। बेटे की मौत से मां तोतन देवी और पिता नरपति राय बदहवाश हैं। जवान बेटे की मौत से परिवार सहित पूरे गांव में शोक है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें