अमर उजाला ब्यूरो
स्वारघाट (बिलासपुर)। उपमंडल स्वारघाट के अंतर्गत ग्राम पंचायत री के अंतर्गत गांव गरा में शुक्रवार रात को हुई चोरी मामले में पुलिस ने प्रवासियों से पूछताछ की है। स्वारघाट थाना में पुलिस ने पूछताछ के लिए पड़ोसी राज्य पंजाब के कीरतपुर साहिब से कुछ प्रवासी लोगों को थाना में तलब किया है लेकिन अभी तक पुलिस के हाथ चोरों का कोई भी सुराग नहीं लगा है।
बता दें कि शुक्रवार आधी रात के समय ग्राम पंचायत री के गांव गरा में दो घरों में लाखों के गहनों व आभूषणों और नकद कैश पर अज्ञात चोरों ने हाथ साफ किया है। चोरी का सुराग लगाने के लिए स्वारघाट थाना पुलिस के थाना प्रभारी राजेंद्र कुमार व एएसआई सहदेव दत्त दलबल सहित अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर छापामारी कर रहे हैं।
बता दें कि उपमंडल स्वारघाट क्षेत्र पंजाब राज्य सीमा के कीरतपुर साहिब से सटा हुआ है जिस कारण पड़ोसी राज्य पंजाब से अज्ञात व प्रवासी लोग हिमाचल में घुसकर चोरी व अपहरण जैसी घटनाओं को अंजाम देकर फरार हो जाते हैं।
चोरी की गुत्थी को सुलझाने में स्वारघाट थाना की पुलिस ने पंजाब राज्य के कीरतपुर साहिब थाना पुलिस के सहयोग से संदेह के आधार पर पूछताछ के लिए तीन प्रवासी युवकों को स्वारघाट थाने में तलब किया है जिनसे पुलिस कड़ी पूछताछ में जुटी हुई है।
डीएसपी श्री नयना देवी संजय शर्मा ने उक्त मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पूछताछ के लिए पंजाब क्षेत्र के कीरतपुर साहिब इलाके से तीन प्रवासी युवकों को थाना स्वारघाट में लाया गया है।