नवलपुर। नवलपुर के मुहम्मद हुसैन इंटर कॉलेज परिसर में चल रहे स्व. आबिद अली क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला रविवार को भटनी व सलेमपुर के बीच खेला गया। मैच का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष पं. गिरीश चंद्र तिवारी, एसडीएम दिशा श्रीवास्तव व विशिष्ट अतिथि अरविंद जायसवाल, शहवाज आलम ने फीता काटकर खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया।
पीआईएफएस भटनी की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 15 ओवर में छह विकेट खोकर प्रतिद्वंदी टीम को 199 रनों का लक्ष्य दिया। जवाब में उतरी सलेमपुर की टीम ने अच्छे खेल का प्रदर्शन करते हुए महज 12 ओवर में तीन विकेट खोकर लक्ष्य को हासिल कर लिया। सलेमपुर टीम के खिलाड़ी पवन ने 77 रन बनाकर अपनी टीम को जीत के तरफ पहुंचा दिया। वहीं राहुल कोबरा ने 65 रन बनाकर मैच के अंत तक पिच पर जमे रहे और अपनी टीम को जीत दिला दी।
इस दौरान राकेश सिंह, अशोक गुप्ता, विक्की गुप्ता, अमन राव, नासिर जमाल आदि मौजूद रहे।