बघौचघाट। महंथ त्रिवेणी पर्वत इंटर कॉलेज विशुनपुरा बाजार परिसर में आयोजित एमटीपीआईसी क्रिकेट प्रतियोगिता का दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला रविवार को यश लाइब्रेरी विशुनपुरा बाजार और जायेद इलेवन पोखरभिंडा के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में जायेद इलेवन पोखरभिंडा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए यश लाइब्रेरी विशुनपुरा बाजार की टीम को 14 रन से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। अब 20 जनवरी को फाइनल मुकाबला जायेद इलेवन पोखरभिंडा और धोबवल की टीम के बीच खेला जाएगा।
टॉस जीतकर विशुनपुरा बाजार की टीम ने पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी पोखरभिंडा की टीम ने निर्धारित 12 ओवर में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए 185 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से ज्ञानू ने नाबाद 69 रन की बेहतरीन पारी खेली, जबकि प्रदीप ने 61 रन का महत्वपूर्ण योगदान दिया। विशुनपुरा बाजार की ओर से सोनू ने 2 विकेट हासिल किए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी विशुनपुरा बाजार की टीम ने भी जोरदार संघर्ष किया, लेकिन 12 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 171 रन ही बना सकी। टीम की ओर से विक्रांत ने 81 रन की संघर्षपूर्ण पारी खेली। पोखरभिंडा की गेंदबाजी में बुलेट बाबा ने 3 विकेट और सचिन ने 2 विकेट लेकर जीत में अहम भूमिका निभाई। इस मैच के मैन ऑफ द मैच ज्ञानू रहे।