रुद्रपुर। गाय की संख्या सबसे अधिक उत्तर प्रदेश में घट रही है। गाय की गिनती पशुओं में नहीं होनी चाहिए। देश भर में गोकशी बंद हो, इसके लिए हिंदू समाज को एकजुट होकर वोट का सहयोग देना होगा।
ये बातें ज्योतिषपीठ के शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद ने कही। वह बुधवार को रुद्रपुर में पत्रकारों से बात कर रहे थे। गोविष्ठि यात्रा के क्रम में शंकराचार्य मंगलवार की शाम को रुद्रपुर पहुंचे।
एक रिसार्ट में रात्रि विश्राम के बाद सुबह चरण पादुका पूजन का कार्यक्रम हुआ। इसके बाद यात्रा बरहज को रवाना हुई। इस अवसर पर स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने कहा कि गोविष्ठि अर्थात गाय की रक्षा के लिए युद्ध लड़ना।
शंकराचार्य की पीठ गाय की रक्षा के लिए सनातनियों की सेना बनाने निकली है।
हमारी सरकारों से मांग है कि गाय को सबसे पहले पशु गणना की सूची से अलग कर उसे माता की सूची में रखा जाए। देश भर में गोमाता की अलग से सूची बने। गाय को राज्यमाता और राष्ट्र माता का दर्जा मिले।
देशभर में गोकशी बंद हो, इसके लिए हिंदू समाज जागृत होकर एक वोट और एक नोट का सहयोग करे। अब हिंदू समाज गोरक्षा करने का वचन देने वाले दल के नेता को ही चुनेगा।