देवरिया। दिवाली पर घर-आंगन को सजाने और पूजन की तैयारियों के बीच फूलमंडी में रौनक बढ़ गई है। इस बार फूलों की दुकानों पर गाय के गोबर को भी खास जगह मिली है। पूजन के लिए पांच रुपये में गोबर की पैकिंग कर बिक्री की जा रही है।
विज्ञापन
गाय पालने वालों की संख्या कम होने के कारण बाजार में गोबर की मांग बढ़ गई है। ऐसे में फूल विक्रेता इसे भी पूजन सामग्री के साथ उपलब्ध करा रहे हैं। शनिवार को शहर की फूलमंडी पर फूल खरीदने वालों की भीड़ रही।
घरों को सजाने के लिए वाराणसी से गेंदे समेत कई तरह के फूल मंगाए गए हैं। लखनऊ से गुलाब की खेप पहुंची है। बनारस से आई गेंदे की एक फूल की माला 70 रुपये में बिक रही है। लखनऊ से आया गुलाब 20 रुपये प्रति नग और पीला गुलाब 30 रुपये में उपलब्ध है। सजावट के लिए आर्टिफिशियल फूल 25 से 40 रुपये तक में बिक रहे हैं। फूलों के गुलदस्ते की कीमत 250 रुपये रखी गई है।