देवरिया। शहर में शनिवार को पटाखों का बाजार सज गया। इस बार पटाखों की कीमतों में दोगुनी बढ़ोतरी हुई है। इसका असर खरीदारी पर दिखाई दिया। दोपहर एक बजे तक दुकानों पर अपेक्षाकृत कम ग्राहक पहुंचे। बच्चों की जिद पर दोपहर बाद ग्राहक बाजार में पहुंचे और बजट के अनुसार खरीदारी की।
शहर के मार्गदर्शन इंटर कॉलेज, राजकीय आईटीआई और सोनूघाट स्थित जनता इंटर कॉलेज परिसर में पटाखों की दुकानें लगाई गई हैं। दुकानों पर फुलझड़ी, अनार, चकरी सहित विभिन्न प्रकार के पटाखे बिक्री के लिए उपलब्ध हैं।
दुकानदार अशोक कुमार, राजेश और रविंद्र ने बताया कि कीमतों में बढ़ोतरी के कारण लोग पहले की तरह अधिक मात्रा में पटाखे नहीं खरीद रहे हैं। ग्राहक चुनिंदा पटाखे लेकर लौट रहे हैं। इससे कारोबार प्रभावित हुआ है।
पटाखा व्यापारी संतोष, अमित और सुरेंद्र कुमार ने बताया कि पिछले साल 30 रुपये में मिलने वाला पटाखा इस बार 60 रुपये और 60 वाला पटाखा 120 रुपये में बिक रहा है। फुलझड़ी 40 से 120 रुपये प्रति पैकेट, अनार 80 से 250 रुपये और चकरी 60 से 180 रुपये तक बिक रही है। कीमतें बढ़ने से ग्राहकों को पहले की तुलना में अधिक रुपये खर्च करने पड़ रहे हैं।