कोरोना वायरस से लड़ने में पीछे नहीं रहेंगी महिलाएं
अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया। कोरोना वायरस से लोग भयभीत हैं। संक्रमण तेजी से फैल रहा है। ऐसे में इससे लड़ने के लिए आकांक्षा समिति की महिलाएं अहम किरदार अदा करने के लिए तैयार हैं। समिति में डॉक्टर, अधिकारी एवं डीएम, एसपी सहित प्रशासनिक अफसरों के परिवार की महिलाएं हैं। समिति की सदस्य कोरोना वायरस संक्रमण से बचाव के लिए महिलाओं को सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों से जागरूक करने में जुटी हैं। इलाज और बचाव के लिए उन्हें प्रशिक्षण भी दें रहीं है। उनका कहना है कि वह अपराजिता है जरूरत पड़ने पर वह अस्पताल में भी सेवाएं देने में पीछे नहीं रहेंगी।
आकांक्षा समिति की अध्यक्ष प्रतिमा किशोर का कहना है कि कोरोना से लड़ाई में पूरा देश लड़ रहा है। ऐसे में आखिर हम क्यों पीछे रहें। हम पूरी जिम्मेदारी के साथ महिलाओं को संक्रमण से बचाव के लिए प्रशिक्षण दे रहें हैं। लॉकडाउन पूरे देश में है। लोगों से मेरी अपील है कि घर में ही रहें सुरक्षित रहें। सेहत का ख्याल रखें। घरों में रहने के दौरान खानपान का खास ध्यान रखें। मसालेदार खाने से परहेज करें।
जिला चिकित्सालय में संक्रमण रोग विशेषज्ञ तनुषा टीआर कहती हैं कि हम डरेंगे तो संभालेगा कौन। हमें कोई कोरोना वायरस से डर नहीं है। हम डरेंगे तो लोगों की सेहत का ख्याल कौन रखेगा। मेरी महिलाओं और अन्य लोगों से अपील है कि कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव करें, डरें नहीं। सोशल डिस्टेंसिंग का ध्यान रखें। कोई भी स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतें होने पर कोई भी दवा यूं ही न खाएं। डॉक्टर से सलाह जरूर लें। बाहर से कोई आएं तो इसकी सूचना स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र एवं कंट्रोल रूम को जरूर दें। खुद भी उसे स्क्रीनिंग कराने की सलाह दें।
जिला कमिश्नर गाइड डॉ. भावना सिन्हा का कहना है कि कोरोना वायरस से लड़ने के लिए हथियार नहीं बल्कि धैर्य और सूझबूझ की आवश्यकता है। हर कार्य को हम सरकार पर नहीं छोड़ सकते। उन्होंने कहा कि हमारी सभी गाइड स्काउट, रोवर रेंजर वायरस से लड़ने में सेवाभाव के लिए तैयार हैं। लॉक डाउन में लोगों का एक स्थान से दूसरे स्थान पर आना-जाना चिंता का विषय है।
वरिष्ठ चिकित्सक शशि प्रभा गुप्ता कहती हैं कि बाहर से आए लोग जहां हों वहीं उन्हें क्वारंटीन और सैनिटाइज कर देना चाहिए। सैनिटाइजर के मुकाबले साधारण साबुन ज्यादा अच्छा है। बशर्ते आप कम से कम एक दो मिनट तक उससे अपने हाथ धोएं। कुछ भी छूने के बाद या बाहर से घर में आने पर सैनिटाइजर से हाथ जरूर धोएं।
आकांक्षा समिति की बबीता मिश्रा का कहना है कि संक्रामक महामारी में सबसे अहम बात यह है कि सुपाच्य आहार का सेवन करें। अदरक, काली मिर्च, जीरा, लहसुन का अधिक इस्तेमाल कर गरम पानी का सेवन जरूर करें। मास्क के साथ दस्ताने जरूर पहनें। ऐसा कुछ भी नहीं करें जिससे कोरोना की चेन बने।