डीएम और एसपी ने गांव का जायजा लिया।
- फोटो : DEORIA
मुंबई से आया युवक निकला कोरोना संक्रमित
कोरोना पॉजिटव के संपर्क में थे पूर्व प्रधान समेत 47 लोग
-विशुनपुर कला, भैंसा डाबर और फरेंदहा गांव को प्रशासन ने किया सील
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। एंबुलेंस से बीमार साथी को लेकर मुंबई से घर आए एक युवक की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद जिले में हड़कंप मच गया है। कोरोना पॉजिटिव युवक को मेडिकल कालेज गोरखपुर में भर्ती कराया गया है। प्रशासन ने विशुनपुर कला, भैंसा डाबर और फरेंदहा गांव को सील कर पूर्व प्रधान समेत 47 लोगों को शहर के एक मैरेज हाल के आइसोलेशन वार्ड में क्वारंटीन किया गया है।
तरकुलवां थाना क्षेत्र के फरेंदहा गांव निवासी केदार जायसवाल (55) पुत्र सरयू मुंबई में साड़ी पर माड़ी चढ़ाने वाली फैक्ट्री के मजदूरों के लिए भोजन बनाता था। करीब एक पखवारे पूर्व वह बीमार हो गया। विशुनपुर कला और भैंसा डाबर गांव के चार युवक एंबुलेंस से केदार को लेकर 29 अप्रैल को घर पहुंचे। तबीयत ज्यादा खराब होने की वजह से 30 अप्रैल को केदार की मौत हो गई। प्रशासन को बिना जानकारी दिए घरवालों ने गांव के बाहर छोटी गंडक नदी के किनारे दाह संस्कार कर दिया। इसमें मुम्बई से साथ आए विशुनपुर कला एवं भैंसा डाबर निवासी उसके साथी और गांव के लोग शामिल हुए। इसमें विशुनपुर कला गांव के एक युवक का सैंपल मेडिकल कालेज जांच के लिए भेजा गया तो रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इससे खलबली मच गई। आधी रात को स्वास्थ्य विभाग टीम, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी विशुनपुर कला गांव पहुंच कर तीनों गांवों को सील कर कर सैनिटाइज का कार्य शुरू करा दिया। मुम्बई से आए युवकों के परिवार और इनके संपर्क में रहने वाले तीनों गांव के 47 लोगों को शहर के शौर्य मैरिज हाल में बनाए गए आइसोलेशन वार्ड में क्वारंटीन किया गया है। इन युवकों के संपर्क में रहने वाले एक को छोड़ चार लोगों की रिपोर्ट मेडिकल कालेज की जांच में संदिग्ध आई है। दोबारा जांच की जा रही है, इसको लेकर अफसरों की चिंता बढ़ गई है। डीएम अमित किशोर ने बताया कि मुंबई से आए एक युवक की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उसका इलाज गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। गांव को सील कर दिया गया है। इनके संपर्क में रहने वालों की जांच कराई जा रही है।