नकल रोकने में नाकाम हो रहे सरकारी इंतजाम
अब तक तीन केंद्रों पर सामूहिक नकल होने की हो चुकी है पुष्टि
एक केंद्र पर तो कॉपियां बाहर लिखने पर जिम्मेदारों पर हुई है कार्रवाई
मनमाने ढंग से केंद्र निर्धारण करने से नकल रोकना आगे भी होगी चुनौती
जिले में 215 परीक्षा केंद्रों पर चल रही है यूपी बोर्ड के हाईस्कूल व इंटर की परीक्षा
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। जिला प्रशासन व माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से मनमाने ढंग से किए गए केंद्र निर्धारण का परिणाम अब देखने को मिल रहा है। केंद्र निर्धारण के समय ही ऐसे-ऐसे विद्यालयों को केंद्र बना दिया, जो निर्धारित मानकों में अधिकांश को पूरा भी नहीं करते थे। आधी परीक्षा बीत चुकी है और अब तक तीन केंद्रों के कक्ष में सामूहिक नकल की भी पुष्टि हो चुकी है, साथ ही अब तक करीब 50 नकलची और 15 से अधिक दूसरे के स्थान पर परीक्षा देते हुए पकड़े जा चुके हैं। कक्ष निरीक्षकों की कमी भी नकल रोक पाने में बड़ा कारण माना जा रहा है।
यूपी बोर्ड परीक्षा 18 फरवरी से शुरू होकर छह मार्च तक चलेगी। नकलविहीन एवं शुचितापूर्ण परीक्षा कराने के लिए जिले में 215 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, इनमें दो राजकीय, 97 वित्तपोषित व 116 वित्तविहीन विद्यालयों में देवरिया सदर में 87, बरहज 30, रुद्रपुर 10, भाटपाररानी 33, सलेमपुर तहसील में 55 केंद्र शामिल हैं। बोर्ड परीक्षा को हाईस्कूल में 74455 एवं इंटर में 71733 इस बार पंजीकृत थे। परीक्षा की निगरानी को चार सुपर जोनल मजिस्ट्रेट, पांच जोनल मजिस्ट्रेट, 32 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 215 स्टेटिक मजिस्ट्रेट, आठ सचल दल, 215 अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक, माध्यमिक से 3153 एवं बेसिक से 1272 कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी लगी हैं। हालांकि, कई जगहों पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट के नहीं पहुंचने से केंद्र व्यवस्थापक मनमानी कर रहे हैं। जिला प्रशासन भले ही लाख दावे करें कि जिले में नकलविहीन परीक्षा हो रही है, दबंग और कुछ राजनीतिक दलों से जुड़े केंद्र व्यवस्थापकों व प्रधानाचार्यों के स्कूलों पर धड़ल्ले से नकल हो रही है। जिले के कर्मयोगी श्रीपति उमावि. घांटी, नैनकुमारी जगतनारायण इंटर कॉलेज सकतुआ सकुतई, फील्ड मार्शल जनरल मानिक शॉ इंटर कॉलेज नौतन हथियागढ़ के कक्ष में सामूहिक नकल की पुष्टि भी हो चुकी है।
घांटी व सकतुआ के बदले गए केंद्र व्यवस्थापक
कर्मयोगी श्रीपति उमावि. घांटी में बाहर कॉपी लिखे जाने और डीएम व एसपी की संयुक्त छापेमारी में 11 लोगों के पकड़े जाने के बाद यहां के केंद्र व्यवस्थापक अशोक राय को हटा दिया गया है। अब शिवविजय राघव तुलसीदास इंटर कॉलेज झरनाकुटी का व्यवस्थापक प्रवक्ता सुधाकर मिश्र को बनाया गया है। अरविंद तिवारी के स्थान पर बंधुनाथ इंटर कॉलेज मायापुर इमिलिया के विजय बहादुर सिंह अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक बने हैं। वहीं, नैनकुमारी जगतनारायण इंटर कॉलेज सकतुआ में धनंजय सिंह के स्थान पर एनडी इंटर कॉलेज पथरदेवा के प्रवक्ता इरशाद अहमद नए केंद्र व्यवस्थापक होंगे।
डीआईओएस की तहरीर पर केंद्र व्यवस्थापक, कक्ष निरीक्षक पर मामला दर्ज
शनिवार की देर रात नैनकुमारी जगतनारायण इंटर कॉलेज सकतुआ बुजुर्ग के कक्ष संख्या 12 में भारी मात्रा में नकल सामग्री बरामद होने पर जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट की रिपोर्ट के आधार पर डीआईओएस की तहरीर पर तरकुलवा थाने में मामला दर्ज कराया गया। केंद्र व्यवस्थापक धनंजय सिंह तथा कक्ष में तैनात रहे कक्ष निरीक्षक अखिलेश कुमार सहायक अध्यापक प्राथमिक विद्यालय पिपरा भुआल के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है।
कंट्रोल रूम से सभी 215 परीक्षा केंद्रों की निगरानी की जा रही है। सचल दल की टीमें भी सक्रिय हैं, कुछ जगहों पर नकल की शिकायत मिलने पर वहां कार्रवाई भी की गई है। कुछ जगहों पर डीएम-एसपी ने खुद ही गड़बड़ी पकड़ी है। सकतुआ स्थित इंटर कॉलेज के केंद्र व्यवस्थापक व कक्ष निरीक्षक पर मुकदमा दर्ज कराया गया है। कुछ जगहों पर केंद्र व्यवस्थापक बदले गए हैं। हर केंद्र पर नकल रोकने के लिए सभी को जरूरी हिदायतें भी दी जा रही हैं।
-शिवचंद राम, डीआईओएस।
..फोटो समाचार
नकल रैकेट से जुड़े सभी आरोपियों को भेजा जेल
घांटी क्षेत्र में परीक्षा केंद्र से बाहर कॉपियां लिखने का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
भटनी। थाना क्षेत्र के खुटहा गांव में परिचारक के घर कॉपियां लिखे जाने के मामले में पुलिस ने 11 लोगों पर केस दर्ज किया है। यह कार्रवाई एसएचओ की तहरीर पर की गई है। मामले में रविवार को 10 आरोपियों को जेल भेज दिया गया जबकि परिचारक रमानंद यादव फरार चल रहा है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
भटनी थाना क्षेत्र के घांटी बाजार स्थित कर्मयोगी श्रीपति बाबू उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में शनिवार की सुबह हाईस्कूल की विज्ञान विषय की परीक्षा चल रही थी। मुखबिर की सूचना पर डीएम अमित किशोर व एसपी डॉ. श्रीपति मिश्र ने खुटहा गांव में रमानंद यादव के घर दबिश दी। उन्हें कॅापियां लिखे जाने की सूचना मिली थी। डीएम के नेतृत्व में टीम की छापेमारी में रमानंद के घर से लिखी हुईं कॉपियां तथा बड़ी मात्रा में नकल सामग्री बरामद हुई। जांच में रमानंद यादव घांटी के कर्मयोगी श्रीपति बाबू उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का परिचारक निकला। टीम ने इसके बाद कॉलेज का निरीक्षण किया तो कई विद्यार्थी बिना मुहर लगी कॉपी पर परीक्षा देते मिले। साथ ही केंद्र व्यवस्थापक और परिचारक की मिलीभगत से नकल रैकेट का खेल चलने की पुष्टि हुई। इसके बाद केंद्र व्यवस्थापक समेत 11 लोगों को गिरफ्तार किया गया। शनिवार की देर शाम प्रभारी निरीक्षक भीष्मपाल सिंह की तहरीर पर केंद्र व्यवस्थापक अशोक राय, परिचारक रमानंद यादव, उपेंद्र यादव, आशुतोष यादव, राजकिशोर प्रसाद, विपिन खरवार, किरन देवी, बबली देवी, सदानंद यादव व अन्य दो छात्राओं पर केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने पकड़े गए सभी आरोपियों को रविवार को जेल भेज दिया, जबकि रमानंद फरार चल रहा है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि जल्द ही परिचारक को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
शिक्षकों और कर्मचारियों से होती रही पूछताछ
घांटी बाजार। घटना के बाद कॉलेज के संदिग्ध शिक्षकों और कर्मचारियों से बंद कमरे में देर शाम तक पूछताछ चली। इसको लेकर उनके परिवारवाले परेशान रहे। जब सभी लोग घर पहुंचे तो लोगों ने राहत की सांस ली। सभी को परीक्षा ड्यूटी से कार्यमुक्त कर दिया गया है।
कॉलेज की समाप्त हो सकती है मान्यता
भटनी। डिप्टी सीएम डॉ दिनेश शर्मा ने नकल कराते पकड़े गए कॉलेजों की मान्यता समाप्त करने की बात कही है। ऐसे में भटनी के कर्मयोगी श्रीपति बाबू उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की मान्यता पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं। डीआईओस शिवचंद राम ने बताया कि फिलहाल, इस कॉलेज को डिबार कर दिया गया है। बोर्ड परीक्षा के बाद मान्यता समाप्त करने की सिफारिश की जाएगी।
परीक्षा केंद्र बनाए जाने पर हुई थी आपत्ति
भटनी। घांटी बाजार स्थित कर्मयोगी श्रीपति बाबू उच्चतर माध्यमिक विद्यालय को जब परीक्षा केंद्र बनाया गया था तो डीआईओएस कार्यालय से जुड़े अधिकारी और अन्य लोगों ने इस पर आपत्ति जताई थी। लेकिन सत्ताधारी पार्टी के एक नेता की पैरवी पर गलत ढंग से इस कॉलेज को परीक्षा केंद्र बनाया था। अब इसको लेकर डीआईओएस की खूब किरकिरी हो रही है।