रंजिश में युवक को गोली मारी, बाल-बाल बचा
भाटपाररानी में प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल में चल रहा उपचार
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया/भाटपाररानी। थानाक्षेत्र के जटहाबीर बाबा स्थान के पास रविवार की दोपहर दो बाइक सवार बदमाशों ने एक युवक को लक्ष्य कर गोली मार दी। संयोग से गोली युवक के बाएं सीने के तरफ मामूली रूप से घाव करते हुए निकल गई। घायल युवक को पीएचसी भाटपाररानी पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे सदर अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने जानकारी लेने के बाद एक युवक को पकड़ लिया है।
भाटपाररानी नगर के वार्ड नंबर पांच रामपुर लिटिहा निवासी शिवशंकर यादव का 20 वर्षीय बेटा रितेश यादव रविवार की दोपहर जसुई गांव से एक मित्र के यहां से कुछ युवकों के साथ बाइक से वापस आ रहा था। अभी वह जटहाबीर बाबा के स्थान तक पहुंचा था कि दो बाइक सवार चार युवकों ने उसे रोक लिया। उसमें से एक युवक ने लक्ष्य कर तमंचे से उस पर फायर कर दिया। गोली रितेश यादव के सीने को बाएं तरफ स्पर्श करते हुए बाहर निकल गई। इससे वह लहूलुहान हो गया। गोली मारने वाला युवक अपने साथियों संग भाग गया। घायल रितेश को भाटपाररानी पीएचसी पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे सदर अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. मुरारी राय ने बताया कि सीने पर जख्म है। कुछ छर्रा अंदर रह गया है। इससे उसे सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना पर थानाध्यक्ष दीपक कुमार अस्पताल पहुंचे और घायल युवक से पूछताछ की। घायल युवक ने गोली चलाने वाले युवक और उसके अन्य साथियों के नाम बताए। एसओ दीपक कुमार ने बताया कि रंजिश में युवक को गोली मारी गई है। अभी तहरीर नहीं मिली है। इधर, जानकारी होने पर एसपी डॉ. श्रीपति मिश्र, एएसपी शिष्यपाल ने एसओ भाटपाररानी को निर्देश दिए। कुछ देर बाद ही एसओ ने एक युवक को पकड़ लिया। एसपी डॉ. श्रीपति मिश्र ने बताया कि मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।