शिक्षा में बदलाव के लिए मंथन जरूरी : ध्रुव त्रिपाठी
भाटपाररानी। बब्बन सिंह शिक्षा संस्थान रतसिया कोठी के सभागार में शनिवार को सम्मान समारोह आयोजित हुआ। हाईस्कूल व इंटर के वर्ष 2020 के टॉप पांच छात्रों रंजीत गुप्ता, रूपेश, राज सिंह, सचिन, गोविंद, दीपू, अनु, ऋषभ, सूर्य प्रताप, नीतीश को विभिन्न छात्रवृत्ति स्मृति के चेक व स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। लोक सेवा आयोग उत्तर प्रदेश के सदस्य हरेश प्रताप सिंह की अध्यक्षता में समारोह हुआ।
मुख्य अतिथि शिक्षक विधायक ध्रुव कुमार त्रिपाठी ने कहा कि वर्तमान परिवेश में शिक्षा में बदलाव के लिए विचार मंथन जरूरी है। शिक्षकों के साथ-साथ अभिभावकों की भी जिम्मेदारी है कि वे बच्चों को अच्छी शिक्षा उपलब्ध कराने के प्रति जागरूक रहें ।अच्छी शिक्षा से ही देश व समाज की गरीबी दूर हो सकेगी। डॉ. हरेश प्रताप सिंह ने कहा कि छात्रों को शिक्षा के दौरान छोटी-छोटी बातों और परिभाषाओं को आजीवन याद रखना होगा, तभी वे सफलता प्राप्त कर सकेंगे। माध्यमिक शिक्षा चयन बोर्ड के सदस्य डॉ.दिनेश मणि त्रिपाठी ने कहा कि शिक्षक बनना सौभाग्य की बात है। शिक्षक छात्रों को चरित्रवान तथा संस्कार युक्त बनाने पर जोर दें। बिहार विधान परिषद सदस्य वीरेंद्र नारायण यादव ने लोक संस्कृतियों की धरोहरों को बढ़ावा देने और उनको संचित रखने में इस तरह की ग्रामीण शिक्षण संस्थाओं की अहम भूमिका बताई। समारोह के आयोजक डॉ.तेज प्रताप सिह, प्रबंधक भानु प्रताप सिंह, निदेशक चंद्र प्रताप सिंह व प्रधानाचार्य सुदामा सिंह ने आए हुए अतिथियों को अंग वस्त्र व स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। समारोह को देवरिया सदर के विधायक डॉ.सत्यप्रकाश मणि त्रिपाठी, योगेंद्र नाथ सिंह, श्रीनिवास शुक्ला, रामनरेश सिंह मंजुल, वीरेंद्र कुमार त्रिपाठी, रामजन्म सिंह, रमेश सिंह, अवधेश सिंह, हरिचरण कुशवाहा, नागेंद्र यादव, श्रीनिवास शुक्ला, मिथिलेश सिंह, माधव प्रसाद, दिग्विजय प्रताप सिंह ने भी संबोधित किया।