देवरिया-कसया मार्ग पर मुंडेरा बाबू चौराहा के पास हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
तरकुलवा। देवरिया-कसया मार्ग पर मुंडेरा बाबू चौराहा व पेट्रोल पंप के बीच शुक्रवार की देर शाम स्कूटी सवार ठेकेदार ट्रक की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोग उसे सीएचसी कसया भेजवाया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इसकी सूचना मिलने पर परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के मठिया महावल गांव निवासी जमुना प्रजापति के तीन पुत्रों में मझले बेटे जवाहर प्रजापति (50) टरवाइन में ठेकेदारी करते थे। कुछ दिनों से गांव में ही रह कर काम करते थे। शुक्रवार को किसी काम से कसया गए थे।
देर शाम स्कूटी से घर लौटते समय मुंडेरा बाबू चौराहे के कुछ दूर पहले तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। इससे वह सड़क पर गिरकर घायल हो गए। आसपास के लोगों ने उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कसया पहुंचाया, जहां उनकी मौत हो गई। थाना प्रभारी मृत्युंजय राय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।