बनकटा। क्षेत्र के सोहनपुर स्थित गीतांजली इंडेन ग्रामीण वितरक एजेंसी पर सोमवार को गैस उपलब्ध न होने के कारण उपभोक्ताओं को बिना सिलिंडर लिए ही वापस लौटना पड़ा। सुबह से ही गैस लेने के लिए पहुंचे लोगों को काफी देर इंतजार करना पड़ा, लेकिन एजेंसी पर गैस नहीं पहुंचने के कारण वितरण नहीं हो सका।
उपभोक्ताओं का कहना था कि गैस खत्म होने की जानकारी पहले नहीं दी गई थी, जिससे दूर-दराज से आए लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। कई लोग खाली सिलेंडर लेकर वापस लौट गए।
वहीं दूसरी ओर प्रतापपुर स्थित सुनैना एचपी गैस वितरक एजेंसी और राजेंद्र भारत गैस वितरक एजेंसी पर सोमवार को उपभोक्ताओं की संख्या कम देखने को मिली। इस संबंध में सप्लाई इंस्पेक्टर दुर्गानंद यादव ने बताया कि जल्द ही गैस उपलब्ध हो जाएगा।